पंजाब के अमृतसर में आम आदमी पार्टी (AAP) के सरपंच को गोली मारकर हत्या कर दी गई। वह एक शादी समारोह में शामिल होने आए थे। इसी दौरान बदमाशों ने पैलेस में आकर अचानक फायरिंग शुरू कर दी। उनके सिर पर गोलियां मारी गईं। गोली लगते ही सरपंच जरमल सिंह बुरी तरह से घायल हो गए। यह देख उन्हें तुरंत गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया। इसके बाद अस्पताल में इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। फायरिंग का पता चलते ही पुलिस पैलेस में पहुंची। पूरे पैलेस को घेरकर जांच की जा रही है। शादी समारोह में आए लोगों से भी पूछताछ की जा रही है। पुलिस को शक है कि सरपंच की रेकी की जा रही थी। वह तरनतारन जिले के वल्टोहा गांव के रहने वाले थे और मौजूदा सरपंच थे। पुलिस जांच के मुताबिक, उन पर 3 बार पहले भी हमला हो चुका है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। फिलहाल हमले के कारणों का पता नहीं चल पाया है, लेकिन पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है। सरपंच जरमल सिंह AAP से जुड़े हुए थे। जब वह शादी में एंजॉय कर रहे थे तो अचानक से दो अनजान युवक आए और उनके सिर पर गोली मार दी। उसके बाद युवक मौके से भाग गए। सब कुछ इतनी जल्दी में हुआ कि किसी को कुछ समझ नहीं आया। AAP नेता को घायल हालत में अस्पताल ले जाया गया। मौके पर मौजूद लोगों के मुताबिक, गोली उनके सिर में लगी थी, इसीलिए उनकी मौत हो गई l जरमल सिंह किसी जानकार की शादी में शामिल होने के लिए परिवार सहित आए थे। हम इस खबर को अपडेट कर रहे हैं…


