नवांशहर में कार से ASI को मारी टक्कर:गंभीर हालत में मोहाली रेफर, बैरिकेडिंग तोड़कर भागा ड्राइवर

पंजाब के नवांशहर में नाके पर तैनात एएसआई धनवंत सिंह को एक कार ड्राइवर ने शुक्रवार को टक्कर मार दी। घटना उस समय हुई जब एएसआई धनवंत सिंह रोपड़-नवांशहर राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित चेकपॉइंट पर वाहनों की जांच कर रहे थे। वे आंसरों हाईटेक नाके पर तैनात थे। रोपड़ की तरफ से आई एक कार जब चेकपॉइंट पर पहुंची, तो चालक ने अचानक बैरिकेड्स के पास कार को पीछे मोड़ लिया। इस दौरान कार पीछे से आ रही एक ऑल्टो से टकरा गई। इसके बाद कार चालक ने बैरिकेडिंग तोड़ते हुए एएसआई धनवंत सिंह को टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गया। गंभीर रूप से घायल एएसआई को पहले रोपड़ के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। सिर में गंभीर चोट के कारण उन्हें बाद में मोहाली के एक निजी अस्पताल रेफर कर दिया गया। घटना की सूचना मिलते ही एसएचओ काठगढ़ इंस्पेक्टर रणजीत सिंह और आंसरों चौकी प्रभारी एएसआई गुरबख्श सिंह मौके पर पहुंचे। घायल एएसआई के परिवार के सदस्य भी अस्पताल पहुंच गए। पुलिस ने आरोपी कार चालक की धरपकड़ के लिए सभी नाकों पर चौकसी बढ़ा दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *