बाप पुलिस ने नकबजनी के वांछित आरोपी को किया गिरफ्तार:बदमाश सोने-चांदी और नकदी चोरी के मामले में फरार था

बाप पुलिस ने सोने-चांदी के आभूषण और नकदी चोरी के एक मामले में वांछित आरोपी को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ब्रजराज सिंह चारण और सीओ अचल सिंह देवड़ा के सुपरविजन में की गई। बाप पुलिस थाना प्रभारी रमेश कुमार ढाका ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान विशाल पुत्र विजयकुमार बावरी निवासी वार्ड नंबर 12, चक 542 आरडी, पुलिस थाना छतरगढ़, जिला बीकानेर के रूप में हुई है। पुलिस अधीक्षक कुंदन कंवरिया ने जानकारी दी कि यह मामला 9 अगस्त 2025 को गेदरों को बास, बाप निवासी धर्मचंद ने दर्ज कराया था। धर्मचंद ने अपनी शिकायत में बताया था कि उनका रहवासी मकान कोठारी धर्मशाला के पास है। शिकायतकर्ता ने बताया, चौमासे के कारण उनका परिवार खेत में बनी ढाणी में अस्थायी रूप से रह रहा था। मकान के मुख्य दरवाजे और अन्य कमरों में ताले लगे हुए थे। सुबह जब वे मकान संभालने आए, तो मुख्य दरवाजे सहित अंदर के सभी कमरों के ताले टूटे हुए मिले। चोरों ने छोटे कमरे का ताला तोड़कर उसमें रखे 12 तोला सोने के आभूषण, 41 तोला चांदी के आभूषण और 48,000 रुपए नकद चुरा लिए थे। प्रकरण के खुलासे और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए हेड कॉन्स्टेबल फरसाराम के नेतृत्व में एक पुलिस टीम का गठन किया गया था। टीम ने मानवीय और तकनीकी सूचनाओं के आधार पर जांच को आगे बढ़ाया। इस मामले में पहले आरोपी सुनील बावरी को गिरफ्तार कर बरामदगी के बाद न्यायालय में पेश कर जेल भेजा जा चुका है। अब दूसरे आरोपी विशाल बावरी को गिरफ्तार किया गया है और उससे पूछताछ जारी है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *