दतिया में गोराघाट थाना अंतर्गत उपराय गांव में अज्ञात चोरों ने शनिवार और रविवार की दरमियानी रात बड़ी वारदात को अंजाम दिया। चोरों ने एक ही रात में गांव के पांच घरों को निशाना बनाया, जिनमें से एक घर से करीब 8 लाख रुपए का माल चोरी कर फरार हो गए। जानकारी के अनुसार, उपराय गांव निवासी शिक्षक मनोज गुदोलिया के घर चोर छत के रास्ते अंदर दाखिल हुए। घटना के समय पूरा परिवार घर के अंदर सो रहा था। चोरों ने घर में रखे सोने-चांदी के जेवरात और नकदी सहित करीब 8 लाख रुपए का मशरुका चोरी कर लिया। इसके अलावा चोरों ने गांव में बंटी गुदोलिया, रामप्रसाद तिवारी, रामेश्वर गुदोलिया सहित दो अन्य घरों में भी चोरी का प्रयास किया, हालांकि इन घरों से चोरों को कोई खास सफलता नहीं मिली और वे खाली हाथ लौट गए। घटना का खुलासा रविवार सुबह तब हुआ, जब परिवार के सदस्य जागे और घर का सामान बिखरा मिला। सूचना मिलने पर गोराघाट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। जांच के दौरान पुलिस ने डॉग स्क्वायड और फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट की मदद ली है। थाना प्रभारी टीआई रमेश शाक्य ने बताया कि जल्द ही चोरी की घटना का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा। देखिए तस्वीरें…


