वेनेजुएला पर अमेरिकी कार्रवाई के विरोध में फूंका पुतला:हनुमानगढ़ में सीटू कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन

हनुमानगढ़ में रविवार को सीटू और अन्य संगठनों ने वेनेजुएला पर अमेरिकी कार्रवाई के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। जंक्शन शहर के लाल चौक पर एकत्र हुए कार्यकर्ताओं ने अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का पुतला दहन कर अपना आक्रोश व्यक्त किया। प्रदर्शनकारी मजदूर संगठनों, यूनियनों और प्रगतिशील संगठनों से जुड़े थे। उन्होंने हाथों में तख्तियां और बैनर लेकर “अमेरिकी साम्राज्यवाद मुर्दाबाद”, “वेनेजुएला के राष्ट्रपति को तुरंत रिहा करो” और “अमेरिका गुंडागर्दी बंद करो” जैसे नारे लगाए। वक्ताओं ने आरोप लगाया कि अमेरिका कमजोर और संसाधन-संपन्न देशों पर दबाव बनाकर अपनी नीतियां थोपने का प्रयास करता रहा है, जिसे स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने वेनेजुएला के राष्ट्रपति की गिरफ्तारी का भी विरोध किया। सीटू नेता रामेश्वर वर्मा ने कहा कि वेनेजुएला के खिलाफ अमेरिकी कार्रवाई साम्राज्यवादी सोच का परिणाम है। शेर सिंह शाक्य ने इसे अंतरराष्ट्रीय कानूनों का उल्लंघन बताते हुए वेनेजुएला के राष्ट्रपति की तत्काल रिहाई की मांग की। बहादुर सिंह चौहान ने जोर देकर कहा कि यह आंदोलन केवल वेनेजुएला के समर्थन तक सीमित नहीं है, बल्कि दुनिया भर में साम्राज्यवाद के खिलाफ संघर्ष का प्रतीक है। प्रदर्शन में आत्मा सिंह, बलदेव सिंह, बसंत सिंह, गुरुप्रेम सिंह, शिव कुमार, रिछपाल राठौड़, दारा सिंह, विनय कुमार, हरजी वर्मा, मुकद्दर अली, लाल मोहन, अरविंद मुंशी, वली शेर, रामबाबू, वारिस अली, तरसेम सिंह, सहीराम, खेमाराम और सत्यनारायण शर्मा सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *