बैतूल में एक व्यक्ति की जिला अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। वह रविवार को शहर के तितली चौराहा के पास घायल अवस्था में मिला था। मृतक की पहचान मलकापुर निवासी 45 वर्षीय राकेश पिता फुलचंद आकोदे के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह करीब 10 बजे राकेश आकोदे तितली चौराहा के पास सड़क किनारे गंभीर रूप से घायल मिले। मौके से गुजर रहे राहगीरों ने तत्काल 108 एम्बुलेंस को सूचना दी। एम्बुलेंस के माध्यम से राकेश को रात करीब 11 से 12 बजे के बीच जिला अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उनका इलाज शुरू किया। हालांकि, गंभीर चोटों के कारण रात करीब 2 से 3 बजे के बीच इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना की जानकारी रविवार सुबह करीब 11 बजे अस्पताल से परिचितों ने फोन के माध्यम से परिजनों को दी। सूचना मिलते ही परिजन जिला अस्पताल पहुंचे। परिजनों ने बताया कि राकेश राजमिस्त्री का काम करते थे और रविवार को काम पर जाने की बात कहकर घर से निकले थे। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि राकेश के साथ यह हादसा कैसे हुआ। पुलिस यह जांच कर रही है कि वह स्वयं गिरे या किसी अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मारी। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और प्रत्यक्षदर्शियों से जानकारी जुटाने का प्रयास किया जा रहा है। मृतक राकेश अपने पीछे दो बच्चों को छोड़ गए हैं। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही हादसे की सही वजह सामने आ सकेगी।


