झाबुआ जिले की थांदला तहसील के ग्राम मोरझिरी में एक मादा तेंदुए ने वनपाल और पांच ग्रामीणों पर हमला कर दिया। तेंदुआ एक किसान के खेत में देखा गया था, जिसे देखने के लिए वहां बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए थे। भीड़ से घिरने के बाद तेंदुए ने हमला कर दिया। वन विभाग के अनुसार, इस हमले में ड्यूटी पर तैनात वनपाल कमसु डामोर गंभीर रूप से घायल हुए हैं। उनके अलावा ग्रामीण भाव जी, खोम सिंह, कुलदीप, अखिलेश और मुकेश भी घायल हैं। सभी को इलाज के लिए थांदला के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायल अखिलेश ने बताया कि वह रविवार दोपहर करीब 1 बजे खेत में पानी फेर रहा था, तभी तेंदुए ने उस पर हमला किया था। ड्रोन से निगरानी और पिंजरे का इंतजाम घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और वन विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे। तेंदुए की लोकेशन का पता लगाने के लिए ड्रोन कैमरे की मदद ली जा रही है। वन विभाग ने मौके पर पिंजरा भी लगाया है। एसडीओ एसएल यादव के मुताबिक, तेंदुआ फिलहाल मुख्य सड़क से करीब 250 मीटर दूर गेहूं के खेत में छिपा हुआ है। इलाका खाली कराया, ग्रामीणों से शांति की अपील प्रशासन ने सुरक्षा के लिहाज से आसपास का इलाका खाली करा दिया है। वन विभाग की टीम तेंदुए की हर गतिविधि पर नजर रख रही है। अधिकारियों ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे खेत के पास न जाएं और भीड़ जमा न करें। एसडीओ ने कहा कि शोर-शराबे से तेंदुआ और आक्रामक हो सकता है, इसलिए रेस्क्यू टीम को अपना काम करने दें।


