सलूंबर जिले के गींगला थाना क्षेत्र में एक किसान पर लेपर्ड ने हमला कर दिया। जयसमंद झील कैचमेंट क्षेत्र के मैथूड़ी गांव निवासी उमेद सिंह अपने खेत पर भैंस का चारा लेने गए थे, तभी घात लगाए बैठे लेपर्ड ने उन पर अचानक हमला कर दिया। लेपर्ड के हमले में किसान उमेद सिंह के सिर, हाथ और जांघ पर गहरे घाव आए, जिससे वे मौके पर ही लहूलुहान हो गए। अचानक हुए इस हमले से किसान की चीख-पुकार सुनकर पास ही खेत में काम कर रही लेबर मौके पर पहुंची और साहस दिखाते हुए किसान को लेपर्ड के चंगुल से छुड़ाया। लेबर की तत्परता से किसान की जान बच सकी। घटना की सूचना मिलते ही गींगला थाना पुलिस मौके पर पहुंची। गंभीर रूप से घायल किसान को तत्काल गींगला अस्पताल भिजवाया गया, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया । चिकित्सकों के अनुसार, किसान की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है। घटना की जानकारी मिलते ही वन विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची। क्षेत्र में लेपर्ड की लगातार गतिविधियों को देखते हुए वन विभाग द्वारा घटनास्थल के आसपास लेपर्ड को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाया गया है। ग्रामीणों को भी सतर्क रहने की अपील की गई है। इस घटना के बाद मैथूड़ी सहित आसपास के गांवों में ग्रामीणों में चिंता का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग से मांग की है कि क्षेत्र में गश्त बढ़ाई जाए और जल्द से जल्द लेपर्ड को पकड़ा जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।


