बीजापुर में परधान आदिवासी समाज ने अपने प्रथम संगीत गुरु हीरा सुका लिंगों बाबा की जन्म शताब्दी श्रद्धा और पारंपरिक विधि-विधान के साथ मनाई। यह आयोजन 03 जनवरी की पूर्व संध्या पर नगर के परधान आदिवासी सामाजिक संगीत कल्याण भवन में संपन्न हुआ। सामाजिक भवन परिसर में स्थापित गुरु हीरा सुका लिंगों बाबा की प्रतिमा की आदिम संस्कृति की पूजा पद्धति के अनुसार विधिवत पूजा-अर्चना की गई। ‘लिंगो बाबा अमर रहें’ के जयघोष से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। कार्यक्रम में समाज की युवा पीढ़ी ने सक्रिय भूमिका निभाई। युवाओं ने भवन परिसर की साफ-सफाई की और उसे दीपों से सजाया, जबकि महिलाओं ने आकर्षक रंगोलियां बनाकर आयोजन की शोभा बढ़ाई। इस कार्यक्रम में परधान समाज के पदाधिकारीगण राकेश गिरी, भानु प्रताप चिडियम, अरुण सकनी, राम प्रकाश गोरला, रामप्रसाद गोरला, लोकेश फुलमाद्री, सुधाकर तोगर, अरकेश परतागिरी, शैलेश पोंदी, लक्ष्मण परतागिरी और सूरज पोंदी सहित बड़ी संख्या में समाज के युवा उपस्थित रहे।


