देवी अहिल्या विश्वविद्यालय में पदस्थ गेस्ट शिक्षक से ऑनलाइन बैंक अकाउंट ट्रांसफर करने के नाम पर बदमाश ने ठगी कर ली। आरोपी ने उनका मोबाइल हैक कर लिया था। इसके बाद से फरियादी कई दिनों से थाने के चक्कर काट रहे थे, लेकिन उनकी सुनवाई नहीं हुई। आखिर सीएम हेल्पलाइन के अलावा अफसरों की शिकायत के बाद केस दर्ज हुआ है।
भंवरकुआं पुलिस ने विश्वविद्यालय में पढ़ाने वाले गेस्ट शिक्षक अशोक कुमार गुप्ता (53) निवासी श्रीयंत्र नगर खंडवा रोड की शिकायत पर मोबाइल नंबर 9339066709 के धारक के खिलाफ केस दर्ज किया है। दो बार में 2.45 लाख निकाले
गुप्ता ने पुलिस को बताया कि उनका एचडीएफसी बैंक की रेसकोर्स रोड शाखा में खाता था। खाते को खंडवा रोड रानी बाग के पास स्थानांतरण कराने के लिए ऑनलाइन क्यूरी की थी। इसके बाद आरोपी ने उन्हें कॉल किया। उसने बताया कि आपको ऑफिस की टीम से कॉल आएगा। फिर संबंधित नंबर से मुझे फोन आया। उसने मेरे खाते को स्थानांतरण कराने लिए मेरे मोबाइल में एनी डेस्क एप, कस्टमर सपोर्ट -एस 36-1 एप्प डाउनलोड करवाया। इस प्रोसेस में मुझे दो दिन का समय लगा। इस बीच मेरे खाते से 19 जनवरी को 2 लाख रुपए निकलने का मैसेज आया। अगले दिन फिर मेरे अकाउंट से आरोपी ने 45000 रुपए निकाल लिए। इसका मैसेज दो दिन बाद देखा। तब मुझे पता चला कि मेरे खाते से कुल 2.45 लाख रुपए चले गए हैं, तब से थाने के चक्कर लगा रहा था। आखिर मैंने सीएम हेल्पलाइन से लेकर संबंधितों को शिकायतें की। अब जाकर पुलिस ने केस दर्ज किया है।


