ललितपुर–झांसी रेल मार्ग पर रायपुर रेलवे क्रॉसिंग के पास रविवार को एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। युवक की पहचान थाना जखौरा क्षेत्र के ग्राम पिपरा निवासी अनुज कुशवाहा के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। मृतक के पिता कालूराम कुशवाहा ने बताया कि उनका बेटा अनुज पिछले करीब पांच माह से जखौरा कस्बे के बस स्टैंड स्थित एक मोबाइल दुकान पर काम करता था। शनिवार सुबह करीब 9 बजे वह घर से दुकान जाने के लिए निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। परिजनों ने रातभर उसकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। रविवार सुबह गांव के कुछ लोगों ने सूचना दी कि जखौरा स्टेशन के पास रेलवे ट्रैक पर एक युवक का शव पड़ा है। मौके पर पहुंचने पर परिजनों ने शव की पहचान अनुज के रूप में की। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम कराया। मृतक के पिता ने आशंका जताई है कि अनुज की मौत ट्रेन की चपेट में आने से हुई हो सकती है। हालांकि पुलिस का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही होगा। फिलहाल पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।


