प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार गोरखपुर आ रहे पंकज चौधरी का यह दौरा केवल उनके स्वागत तक सीमित नहीं रहेगा। वह समाज के विभिन्न वर्गों को साधने की तैयारी लेकर आ रहे हैं। उनके रूट को इस तरह से बनाया गया है कि वह समाज के विभिन्न वर्गों को संदेश दे सकें। 5 जनवरी को एयरपोर्ट से निकलने के बाद वह मोहद्दीपुर स्थित गुरुद्वारा के पास कुछ देर के लिए रुकेंगे।
वह गुरुद्वारा में जाएंगे और मत्था टेकेंगे। गुरु गोविंद सिंह के प्रकाशोत्सव के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। सिख समाज के लोगों के साथ वह समय बिताएंगे। यहां से निकलकर उनका काफिला आगे बढ़ेगा। विभिन्न स्थानों पर स्वागत किया जाएगा और प्रदेश अध्यक्ष चौराहों पर लगी महापुरुषों की मूर्तियों पर माल्यार्पण करेंगे। भाजपा कार्यालय पर भव्य स्वागत की तैयारी है। यहां पार्टी नेताओं के साथ बैठक भी करेंगे। भाजपा कार्यालय से निकलकर जब उनका काफिला गोरखनाथ मंदिर की ओर बढ़ेगा तो उनकी ओर से कई और संदेश दिए जाएंगे। रेलवे स्टेशन पर महाराणा प्रताप की प्रतिमा पर माल्यार्पण करेंगे और क्षत्रिय समाज को संदेश देंगे। यहां से उनका काफिला धर्मशाला बाजार पहुंचेगा, जहां कार्यकर्ता स्वागत करेंगै। यहां से लगभग एक किलोमीटर आगे जाने पर वह विश्वकर्मा भगवान के मंदिर के सामने रुकेंगे। मंदिर में जाकर वह भगवान विश्वकर्मा का दर्शन करेंगे। इसके जरिए शिल्पी समाज को साधने की कोशिश करेंगे। यहां से गोरखनाथ ओवरब्रिज पार कर वह सिंधी कालोनी पहुंचेंगे। संभावना जतायी जा रही है कि सिंधी समाज के आराध्य भगवान झूलेलाल का वह दर्शन करेंगे। इसके बाद गोरखनाथ मंदिर जाएंगे। खिचड़ी से ठीक पहले पंकज चौधरी गुरु गोरखनाथ का दर्शन पूजन करेंगे और प्रसाद ग्रहण करेंगे। मंदिर से निकलने के बाद राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ (RSS) के कार्यालय माधव धाम जाएंगे। इस यात्रा के जरिए पंकज सिख समाज, सिंधी समाज और अन्य पिछड़ा वर्ग में आने वाले शिल्पी समाज को साधने की कोशिश करेंगे। सरकार और संगठन में सामंजस्य बना रहेगा, इसका संकेत वह शपथ ग्रहण कार्यक्रम में ही दे चुके हैं। अब गोरखनाथ मंदिर पहुंचकर वह तमाम और चर्चाओं पर विराम लगा देंगे। होर्डिंग के मामले में संकोची दिखे जनप्रतिनिधि पंकज चौधरी के स्वागत को लेकर खूब होर्डिंग व बैनर लगाए गए हैं लेकिन गोरखपुर के जनप्रतिनिधि इस मामले में संकोची नजर आए। सांसद हों या विधायक, किसी भी प्रमुख स्थान पर उनके होर्डिंग व बैनर नजर नहीं आ रहे। कुछ समर्थकों ने अपनी होर्डिंग में उनकी फोटो को जगह देकर खाता जरूर खोल दिया है। कई जन प्रतिनिधियों के समर्थकों का दावा था कि रविवार की देर रात होर्डिंग लगेंगे। हालांकि हर प्रमुख स्थानों पर दूसरे नेताओं ने होर्डिंग पहले से लगा ली है। पंकज चौधरी तीन दिनों के भीतर जिले की 9 में से 7 विधानसभा क्षेत्रों से गुजरेंगे।


