इंदौर के भागीरथपुरा इलाके में दूषित पानी पीने से हुई मौतों और बड़ी संख्या में लोगों के बीमार होने के मामले को लेकर कांग्रेस ने रविवार को शहडोल में प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ता सांसद आवास के बाहर पहुंचे और घंटा बजाकर प्रदेश सरकार व नगर निगम के खिलाफ नाराजगी जताई। पुलिस ने रोका, लेकिन नारेबाजी जारी रही प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस पहले से तैनात रही। सांसद आवास के बाहर बैरिकेड्स लगाकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं को आगे बढ़ने से रोक दिया गया। इसके बावजूद कार्यकर्ताओं ने वहीं खड़े होकर नारेबाजी की और सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। नगर निगम पर लापरवाही का आरोप कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि नगर निगम की लापरवाही के कारण भागीरथपुरा क्षेत्र में दूषित पानी की सप्लाई हुई। उनका कहना है कि इस घटना में अब तक करीब 15 लोगों की मौत हो चुकी है और सैकड़ों लोग बीमार होकर अस्पतालों में इलाज करा रहे हैं। पहले भी किया था विरोध कांग्रेस नेताओं ने बताया कि इस मामले में पहले भी मंत्री कैलाश विजयवर्गीय का पुतला दहन कर इस्तीफे की मांग की गई थी, लेकिन सरकार की ओर से अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। इससे जनता में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। दोषियों पर कार्रवाई की मांग प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस ने मांग की कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए। नगर निगम, महापौर, संबंधित वार्ड पार्षद और जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाए और दोषियों पर सख्त कार्रवाई हो। यह रहे मौजूद इस प्रदर्शन में जिला कांग्रेस अध्यक्ष अजय अवस्थी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने पीड़ित परिवारों को न्याय दिलाने और भविष्य में ऐसी घटनाएं न हों, इसके लिए पुख्ता कदम उठाने की मांग की।


