शहर की सबसे ऊंचाई पर स्थिति पहाड़ी मंदिर की जमीन की खोज अब तेज हो गई है। पहाड़ी मंदिर के चारों ओर किए गए अतिक्रमण और अवैध निर्माण खोजने के लिए निगम मंदिर परिसर की मापी कराएगा। करीब 27 एकड़ में फैले पहाड़ी मंदिर अतिक्रमण की वजह से सिकुड़ते जा रहा है। अब निगम के नक्शा से पूरी जमीन की मापी की जाएगी। यह निर्देश निगम प्रशासक सुशांत गौरव ने रविवार को मंदिर परिसर के निरीक्षण के दौरान दिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने देखा कि मंदिर के मुख्य द्वार के दोनों ओर अतिक्रमण है और श्रद्धालुओं के वाहन बेतरतीब तरीके से खड़े हैं। इससे श्रद्धालुओं को आने-जाने में समस्या होती है। साथ ही मंदिर तक जाने वाले रास्ते में कई गोदाम है जहां दिन में भी बड़े मालवाहक वाहन लगाकर माल की लोडिंग-अनलोडिंग की जाती है। यह देख प्रशासक ने मंदिर के चारों ओर किए गए अवैध कब्जा को चिह्नित करने का निर्देश दिया। पूजन सामग्री की दुकानें भी सड़क पर लगी हुई हैं, उन्हें भी हटाने के लिए कहा गया। माल वाहक वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाने और श्रद्धालुओं के लिए पार्किंग स्थल बनाने का निर्देश दिया गया। अवैध रूप से चल रहे गोदाम की भी जांच करने का निर्देश दिया गया है। अगर ऐसे गोदाम का नक्शा पास नहीं है तो उन पर भी कार्रवाई होगी। मंदिर के पीछे अवैध रूप से बनी झोपड़ियों को भी हटाया जाएगा। उक्त क्षेत्र में मिट्टी का भराव कर पौधे लगाएं जाएंगे, ताकि पहाड़ी मंदिर की मजबूती बनी रहे। मंदिर की जमीन पर 50 लोगों का कब्जा, धार्मिक स्थल भी हैं
राजधानी बनने के बाद पहाड़ी मंदिर की जमीन पर अवैध निर्माण बढ़ने लगा। मंदिर के पीछे वाले हिस्से में धार्मिक स्थल के लिए जमीन पर कब्जा कर लिया गया। इसके बाद करीब 100 अवैध झोपड़ियां बन गईं। हाईकोर्ट के आदेश के बाद दो बार झोपड़ियों को हटाया गया, लेकिन इस पर राजनीति होने की वजह से फिर कब्जा हो गया। अतिक्रमण रोकने के लिए मंदिर की जमीन की घेराबंदी कराई गई। पुरानी दीवार के बाहर फिर 45 लाख की लागत से बाउंड्री कराई गई। लेकिन यह तरकीब भी काम नहीं आई। आईटीआई बस स्टैंड के सामने बनेगा वेंडरों के लिए मार्केट
आईटीआई बस स्टैंड के सामने खाली पड़ी जमीन पर बहुत जल्द वेंडरों के लिए मार्केट बनेगा। जल्द ही उक्त खाली जमीन की मापी होगी। प्रशासक सुशांत गौरव ने रविवार को बस स्टैंड का जायजा लिया। इस दौरान उन्हें बताया गया कि कुल 4.22 एकड़ क्षेत्र में बस स्टैंड बना हुआ है। सौदर्यीकरण का काम जुडको द्वारा किया जाना है। मौके पर जुडको के पदाधिकारियों ने बताया कि स्टैंड के निर्माण के लिए टेंडर किया जा रहा है। यहां यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। प्रशासक ने स्टैंड परिसर के चारों ओर फुटपाथ पर कब्जा करने वालों को हटा कर उन्हें वेंडिंग जोन बनाकर शिफ्ट करने का निर्देश दिया।


