भास्कर न्यूज | जालंधर सीटी यूनिवर्सिटी ने 30 दिसंबर से 3 जनवरी तक एआईयू नॉर्थ जोन इंटर-यूनिवर्सिटी बैडमिंटन पुरुष चैंपियनशिप का आयोजन करते हुए गोल्ड मेडल जीता। इस प्रतियोगिता में नॉर्थ जोन की 75 विश्वविद्यालय टीमों ने भाग लिया। कड़े मुकाबलों के बाद सीटी यूनिवर्सिटी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक हासिल किया और ओवरऑल चैंपियन का खिताब अपने नाम किया। इसके अलावा निलम यूनिवर्सिटी हरियाणा ने रजत पदक, चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी ने कांस्य पदक जीता। सभी पदक विजेता टीमों ने ऑल इंडिया इंटर-यूनिवर्सिटी चैंपियनशिप खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स के लिए क्वालिफाई कर लिया है, जो उनके खेल सफर में एक अहम उपलब्धि है। इस मौके पर गुरदीप सिंह स्पोर्ट्स हेड ने कहा कि 75 टीमों की मेजबानी करना चुनौतीपूर्ण होने के साथ गर्व का विषय था। इंजीनियर दविंदर सिंह, डायरेक्टर डीन स्टूडेंट वेलफेयर ने कहा कि प्रतियोगिता का सफल आयोजन और उसी में जीत हासिल करना हमारी उत्कृष्टता, टीमवर्क और राष्ट्रीय स्तर की खेल प्रतिबद्धता को दर्शाता है।


