भास्कर न्यूज | दुर्गूकोंदल धान खरीदी केंद्र कोदापाखा का विधायक सावित्री मंडावी ने निरीक्षण किया। इस दौरान केंद्र में व्याप्त अव्यवस्थाओं को लेकर उन्होंने नाराजगी जताई और मौके पर उपस्थित अधिकारियों को व्यवस्था तत्काल दुरुस्त करने कहा। विधायक मंडावी ने धान तौल प्रक्रिया, किसानों की पंजीयन स्थिति, बारदाना उपलब्धता, भुगतान व्यवस्था व केंद्र में साफ-सफाई की स्थिति का बारीकी से जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने किसानों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। कई किसानों ने तौल में देरी, बैठने की समुचित व्यवस्था न होने एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं की कमी की शिकायत की। इस पर विधायक ने संबंधित अधिकारियों को कहा कि किसानों को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए।उन्होंने कहा धान खरीदी शासन की अत्यंत महत्वपूर्ण योजना है और इसमें लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। केंद्र प्रभारी को निर्देशित किया गया कि समयबद्ध तौल, पारदर्शी प्रक्रिया एवं किसानों को सम्मानजनक सुविधा सुनिश्चित की जाए। इसके साथ ही केंद्र में पेयजल, छाया और बैठने की व्यवस्था तत्काल उपलब्ध कराने कहा। इस दौरान पर जनपद अध्यक्ष गोपी बढ़ाई, विधायक प्रतिनिधि हुमन मरकाम, जनपद सदस्य सविता उयके, हेमलता उयके आदि उपस्थित थे।


