भास्कर संवाददाता| सीहोर इंदौर में दूषित पानी से हुई मौतों के बाद सीहोर नगर पालिका ने पेयजल व्यवस्था को लेकर सख्त रुख अपनाया है। नगर पालिका अध्यक्ष प्रिंस राठौर ने कहा कि नागरिकों के स्वास्थ्य से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने अपील की कि अगर कहीं दूषित पानी की समस्या हो तो लोग सीधे उन्हें या नगर पालिका को सूचना दें। शिकायत मिलते ही समाधान किया जाएगा। शनिवार को हाउसिंग बोर्ड रेलवे ब्रिज निर्माण के दौरान सप्लाई लाइन में लीकेज की शिकायत मिली थी। इसे गंभीरता से लेते हुए निर्माण कार्य रुकवाया गया। नगर पालिका ने हर वार्ड में टीम बनाकर निगरानी शुरू कर दी है। सड़क निर्माण और अन्य कार्यों के दौरान भी पेयजल पाइप लाइन की स्थिति पर नजर रखी जा रही है। जहां भी दूषित पानी की शिकायत मिलेगी, वहां तुरंत कार्रवाई की जाएगी। अध्यक्ष राठौर ने क्षेत्रवासियों से त्वरित शिकायत दर्ज कराने की अपील की है।


