खतरे में बाघ:अचानकमार टाइगर रिजर्व में राइफल लेकर बेखौफ कोर एरिया के अंदर घूम रहे रसूखदार

रसूखदार बंदूकधारियों से अचानकमार टाइगर रिजर्व के बाघ खतरे में हैं। रिजर्व प्रबंधन इन्हें निजी वाहन और राइफल के साथ जाने की खुली छूट दे रहा है। बीते दिनों लोरमी और आसपास के ऐसे ही कुछ रसूखदार युवक अजीत वैष्णव, अनिकेत और विक्रांत वैष्णव जंगल के भीतर करीब 14 किमी तक राइफल लेकर घूमते रहे और बेखौफ फायरिंग भी की। युवकों ने रसूख और वन विभाग की छूट का बाकायदा वीडियो बनाया और पोस्ट किया। वीडियो सामने आने के बाद मजबूरी में विभाग के अफसरों को कार्रवाई करनी पड़ी, पर उन्हें बचाने की कोशिश जारी है। वीडियो में युवकों के हावभाव बता रहे हैं कि उन्होंने जंगल के अंदर ऐसा पहली बार नहीं किया है। बार-बार वे इसी रुतबे के साथ जंगल में घूमते रहे हैं। सोशल मीडिया में जारी वीडियो में एटीआर के कोर जोन में अजीत वैष्णव, अनिकेत और विक्रांत वैष्णव की गाड़ी जब जमुनाही बैरियर पहुंची तो वहां पर गार्ड ने बिना कुछ पूछे बैरियर ऊपर कर रास्ता खोल दिया। जब इनकी गाड़ी सुरही पहुंची तो वहां पहुंचते ही प्रवेश गेट को वन विभाग के कर्मचारी ने इतनी तेजी से खोला जैसे कोई बड़ा विभागीय अधिकारी या मंत्री पहुंचा हो। गाड़ी तेजी से जंगल की तरफ बढ़ गई। दोनों ही जगहों पर न तो उन्हें किसी ने रोका और न ही उनके वाहन की जांच करने की कोशिश किसी ने की। कोर एरिया में युवक जकड़बांधा, सुरही, भुरकुंड होते हुए कंचनपुर बैरियर तक पहुंचे और वहां पर उन्होंने स्वयं बैरियर उठाया और बाहर निकल गए। वायरल वीडियो में सबकुछ स्पष्ट है। जमुनाही से कंचनपुर की दूरी लगभग 14 से 16 किलोमीटर है। बताया जा रहा है कि इस बैरियर को पार करने में अधिकतम एक घंटे लगते हैं, लेकिन युवक 3-4 घंटे से भी ज्यादा समय अंदर रहे। इस दौरान उन्होंने जगह-जगह फायरिंग की, जंगल के अंदर आग जलाकर पूरा मनोरंजन किया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *