‘परीक्षा पे चर्चा 2026’ कार्यक्रम के लिए छत्तीसगढ़ से देश में सबसे अधिक अभिभावकों ने रजिस्ट्रेशन कराया है। पूरे देश में लगभग 3.49 लाख अभिभावकों ने रजिस्ट्रेशन कराए हैं। छत्तीसगढ़ से अन्य राज्यों की तुलना में सबसे अधिक 81,533 अभिभावकों ने रजिस्ट्रेशन कराए हैं। यह काम 11 जनवरी तक जारी रहेगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस वार्षिक संवाद कार्यक्रम में छात्र, शिक्षक और अभिभावकों से बात करते हैं। दूसरी ओर, छात्र, शिक्षक और अभिभावकों की संख्या की तुलना करें तो देश भर में 3,19,85,302 रजिस्ट्रेशन हुए हैं। इसमें छत्तीसगढ़ से 22.75 लाख छात्र, 1.55 लाख शिक्षक और 81,533 अभिभावक शामिल हैं। इस मामले में भी छत्तीसगढ़ देश के टॉप-5 राज्यों में है। छत्तीसगढ़ से 30 लाख से अधिक रजिस्ट्रेशन की उम्मीद जताई जा रही है। छात्रों, शिक्षकों और पालकों के सामूहिक प्रयास का परिणाम: साय मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि परीक्षा पे चर्चा 2026 के रजिस्ट्रेशन में छत्तीसगढ़ की यह उपलब्धि विद्यार्थियों, शिक्षकों और पालकों के सामूहिक प्रयास का परिणाम है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने परीक्षा को उत्सव के रूप में मनाने का संदेश दिया। इसे छत्तीसगढ़ ने दिल से अपनाया है। कुल रजिस्ट्रेशन में छत्तीसगढ़ देश में चौथे, जबकि पालक सहभागिता में पहले स्थान पर है। यह पता चलता है कि हमारे यहां जागरूकता बढ़ी है। अभिभावक बच्चों पर अनावश्यक दबाव डालने के बजाय उनका आत्मविश्वास बढ़ा रहे हैं। सारंगढ़-बिलाईगढ़ में 1 दिन में दस हजार पंजीयन सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में शीतकालीन अवकाश के दौरान ‘परीक्षा पे चर्चा मेला’ का आयोजन हुआ। इसमें एक ही दिन में दस हजार से अधिक रजिस्ट्रेशन हुए। इससे पहले प्रतिदिन लगभग 1,500 रजिस्ट्रेशन होते थे। इसी के बाद अब अन्य जिलों में भी परीक्षा पे चर्चा मेला का आयोजन किया जा रहा है। 2018 में सिर्फ 22 हजार लोग शामिल हुए, 2026 में अब तक 3.19 करोड़ रजिस्ट्रेशन- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी परीक्षा पे चर्चा के वार्षिक संवाद कार्यक्रम में विद्यार्थियों, शिक्षकों और पालकों से सीधे संवाद करते हैं। इसमें वे परीक्षा से जुड़ी चुनौतियों का सामना करने के उपायों, तनाव प्रबंधन और आत्मविश्वास बढ़ाने का मार्गदर्शन देते हैं। पहली बार यह कार्यक्रम 2018 में हुआ था। तब इसमें 22 हजार छात्र, शिक्षक और अभिभावक शामिल हुए थे। इसके बाद से साल दर साल रजिस्ट्रेशन की संख्या बढ़ती ही चली गई। वर्ष 2022 में 23 लाख रजिस्ट्रेशन हुए। वहीं 2023 में 38 लाख, 2024 में 2.26 करोड़, जबकि 2025 में 3.53 करोड़ वैध रजिस्ट्रेशन हुए थे। वर्ष 2026 के लिए अभी तक करीब 3.19 करोड़ से अधिक रजिस्ट्रेशन हो चुके हैं।


