उत्तर से आ रही बर्फीली हवाओं ने अब अपना रौद्र रूप दिखाना शुरू कर दिया है। रविवार को सागर संभाग का नौगांव प्रदेश का सबसे ठंडा इलाका रहा, जहां रात के तापमान में 8 डिग्री की भारी गिरावट दर्ज की गई। पारा 2.5 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया, जिससे यहां पाले जैसे हालात बन गए हैं। कलेक्टर संदीप जीआर ने तापमान में लगातार गिरावट को ध्यान में रखते हुए जिले में संचालित सभी शासकीय, अशासकीय, आइसीएसई, सीबीएसई, अनुदान प्राप्त व अन्य मान्यता प्राप्त विद्यालयों के समय में बदलाव किया है। सोमवार से नर्सरी से कक्षा 8वीं तक की कक्षाएं सुबह 9:30 बजे से संचालित होंगी। मौसम विभाग के अनुसार, पिछले 24 घंटों में पूरे संभाग के तापमान में भारी उथल-पुथल रही। नौगांव में जहां शनिवार तक रात का तापमान सामान्य के करीब था, वहीं रविवार सुबह होते-होते यह 2.5 डिग्री पर आ गया। खजुराहो भी अछूता नहीं रहा, यहां 5 डिग्री की गिरावट के साथ न्यूनतम तापमान 8 डिग्री दर्ज किया गया। बर्फीली हवाओं ने मैदानी इलाकों को पूरी तरह अपनी गिरफ्त में ले लिया है। सागर शहर में रविवार को धूप खिलने से अधिकतम तापमान में हल्की बढ़त देखी गई और यह 23.2 डिग्री दर्ज हुआ। न्यूनतम तापमान में 1 डिग्री की गिरावट आई और यह 10 डिग्री पर टिक गया। हवा में नमी का स्तर सुबह 95% रहा, जबकि शाम को यह 79% रिकॉर्ड किया गया। रविवार को दिनभर तेज धूप होने के बाद भी सर्द हवाओं ने ठिठुरन बढ़ा दी। शाम होने के बाद तो सड़कों पर सन्नाटा सा छा गया। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि हवाओं का रुख उत्तरी रहने के कारण अगले दो-तीन दिनों तक ठंड के तेवर और कड़े हो सकते हैं। खजुराहो और नौगांव में शीतलहर चलने की संभावना है। वहीं आने वाले दिनों में सागर व दमोह जिले में कोहरे को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया तो संभाग के बाकी जिलों छतरपुर, टीकमगढ़, निवाड़ी में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।


