छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में 2025 में 15 हजार 896 अपराध दर्ज किए गए हैं। रायपुर में रेप की घटनाएं बढ़ी हैं। एक साल में 280 रेप केस दर्ज हुए हैं, जबकि 92 लोगों का कत्ल हुआ है। 3 साल में क्राइम के आंकड़े बढ़े हैं। वहीं 543 चाकूबाजी हुई हैं। सबसे ज्यादा खमतराई थाने में 1013 FIR दर्ज हुई हैं। SSP लाल उमेद सिंह ने बताया कि, पिछले साल रायपुर में अपराध नियंत्रण को लेकर कई स्तरों पर काम किया गया। हालांकि मामूली विवादों में हत्या के मामलों में बढ़ोतरी चिंताजनक है। मोबाइल चलाने, ठंडा भजिया लाने, साथ चलने से मना करने जैसे छोटे कारणों पर हत्या की घटनाएं हुई हैं। SSP ने बताया कि असामान्य और तात्कालिक विवादों से उपजने वाले अपराधों पर 2026 में विशेष रणनीति के तहत काम किया जाएगा। महिला सुरक्षा और साइबर अपराध रोकथाम को भी पुलिस की प्राथमिकता में रखा गया है, ताकि अपराधों पर और प्रभावी नियंत्रण किया जा सके। वहीं, कांग्रेस प्रवक्ता धनंजय ठाकुर ने कहा कि, 2025 में 2023 की तुलना में 5,993 FIR ज्यादा दर्ज की गई हैं। आखिर अपराध कहां कम हुआ। इस पर बीजेपी प्रवक्ता अमित चिमनानी ने कहा कि कांग्रेस के मित्रों की गणित कमजोर है। ड्रग्स के 445 आरोपी पकड़ाए SSP लाल उमेद सिंह के मुताबिक, रायपुर पुलिस ने ड्रग्स के खिलाफ लगातार कार्रवाई करते हुए 271 मामलों में लगभग 445 आरोपियों को पकड़ा है। इनमें ट्रायल को भी मॉनिटरिंग करते हुए 100 से ज्यादा लोगों को कड़ी सजा दी गई है। साथ ही पुलिस ने नारकोटिक्स के बड़े रैकेट को खत्म कर दिया है। आने वाले दिनों में भी इस पर निगरानी रखी जाएगी ताकि फिर से ड्रग्स का कारोबार न हो। साल 2025 में ई-चालान ज्यादा कटे रायपुर में यातायात व्यवस्था के तहत पिछले साल की तुलना में ई-चालान में 50 प्रतिशत ज्यादा कार्रवाई की गई। SSP ने कहा कि आने वाले दिनों में एक्सीडेंट रोकने जन जागरूकता कार्यक्रम किया जाएगा। जिससे हादसों में कमी लाया जा सके। साल 2025 में सभी प्रकार के धरना, प्रदर्शन, कानून व्यवस्था, तीज त्योहार, राज्योत्सव और अन्य महत्वपूर्ण जगहों पर पुलिस व्यवस्था लगाई गई थी। जिससे इन अवसरों पर कोई अपराध या अनहोनी नहीं हुई। ये रायपुर पुलिस की उपलब्धि रही। अपराध कम हुआ यह दावा करना हास्यास्पद- कांग्रेस इस मामले में कांग्रेस प्रवक्ता धनंजय ठाकुर ने कहा कि, रायपुर पुलिस ने अपने एक साल का रिपोर्ट पेश किया। दावा किया कि अपराध कम हुए हैं। बताया गया कि 2025 में 15,885 FIR दर्ज किए गए हैं। जब 2023 में कांग्रेस की सरकार थी, तब पुलिस प्रशासन की ओर से रिपोर्ट कार्ड पेश किया गया था। उसमें एक साल में 9892 एफआईआर दर्ज हुए थे। आज 15,885 FIR दर्ज हुए हैं। मतलब 5,993 FIR ज्यादा दर्ज हुए हैं। मतलब अपराध तो बढ़ा है। कानून मुस्तैदी से काम नहीं कर पा रहा है। अपराधियों में पुलिस का खौफ नहीं है। कानून का खौफ नहीं है। ये दावा करना कि अपराध कम हुआ है। ये तो हास्यास्पद है। कांग्रेस के मित्रों की गणित कमजोर- बीजेपी भाजपा प्रवक्ता अमित चिमनानी ने कहा कि, कांग्रेस के मित्रों की गणित कमजोर है। कैलकुलेटर उठाएं और जरा बताएं। 2023 में 16125 FIR दर्ज हुई। 2025 में 15896 FIR दर्ज हुई। 2023, 2024 और 2025 की तुलना करें तो इस साल 2025 में सबसे कम अपराध दर्ज किए गए हैं। अब जानिए रायपुर में हत्या-डकैती समेत 5 बड़े केस केस-1 अवैध संबंध के चलते मां-बेटी की हत्या रायपुर में 2024 के दिसंबर महीने में डबल मर्डर हुआ था। इसमें मां और बेटी की हत्या अवैध संबंध के बाद ब्लैकमेलिंग की वजह से की गई थी। आरोपी ने पहले मां की नस काट कर उसका गला घोंटा, फिर बेटी की भी गला घोटकर हत्या कर दी। इसके बाद नाबालिग की लाश के साथ रेप भी किया। पुलिस ने मृतिका के पूर्व बॉयफ्रेंड और उसकी पत्नी को गिरफ्तार किया है। पढ़ें पूरी खबर… केस-2 20 मिनट में 60 लाख की डकैती रायपुर में नगरीय निकाय चुनाव के दौरान दिनदहाड़े करीब 20 मिनट के भीतर 60 लाख की डकैती हुई थी। शंकर नगर स्थित अनुपम नगर में कार से पहुंचे डकैत आर्मी की वर्दी पहनकर एक घर में घुसे और पिस्टल के दम पर बुजुर्ग दंपती समेत तीन लोगों को बंधक बना लिया। डकैतों ने खुद को नक्सली बताते हुए “लाल सलाम” कहा और हल्ला करने पर घर को बम से उड़ाने की धमकी दी। जानकारी के अनुसार, पांच डकैतों में एक महिला भी शामिल थी। कार से उतरते समय चार डकैत CCTV कैमरे में कैद हुए थे। आरोपियों ने प्रेम वेल्लू (71), रजनी वेल्लू (67) और मनोहर वेल्लू (70) को बंधक बनाकर वारदात को अंजाम दिया था। इस मामले में पुलिस ने 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया था। पढ़ें पूरी खबर… केस-3 मर्डर के बाद 48 घंटे फ्लैट में रखी लाश रायपुर के इंद्रप्रस्थ कॉलोनी सनसनीखेज सूटकेस हत्याकांड में पुलिस ने पति-पत्नी समेत 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया था। आरोपियों ने पैसे और प्रॉपर्टी के लालच में किशोर नाम के बुजुर्ग की हत्या कर दी थी। आरोपी दंपती ने किशोर की हत्या 21 जून को की थी। फिर 48 घंटे तक लाश फ्लैट में रही। इस दौरान लाश को ठिकाने लगाने के लिए वे मौका खोजते रहे। जब लाश सड़ने लगी तो हड़बड़ी में उसे झाड़ियों में ले जाकर पेटी में भरकर फेंक दिया। आरोपियों ने बुजुर्ग को मारने से पहले उन्होंने किशोर को नहाने कहा फिर पति-पत्नी ने उसे पोहा बनाकर भी खिलाया। फिर इस पूरी वारदात को अंजाम दिया था। पढ़ें पूरी खबर… केस-4 झोलाछाप डॉक्टर ने की पति-पत्नी की हत्या रायपुर के अभनपुर में झोलाछाप डॉक्टर ने ताने और बुराई से परेशान होकर पति-पत्नी की हत्या कर दी। पुलिस ने इस डबल मर्डर केस का खुलासा किया था। पुलिस ने गांव के एक झोलाछाप डॉक्टर को गिरफ्तार किया था। हत्या के बाद आरोपी खून से सने हुए कपड़े बदलने के लिए अपने घर गया। इस दौरान मोबाइल टावर की लोकेशन बदल गई। पुलिस से पूछताछ में आरोपी अपने बयान में फंस गया। यह पूरा मामला अभनपुर थाना क्षेत्र के बिरोदा गांव का हैं। पढ़ें पूरी खबर… केस- 5 रिटायर्ड-GM को डिजिटल-अरेस्ट कर 2.83 करोड़ ठगे रायपुर में एक महिला को डिजिटल अरेस्ट कर 2 करोड़ 83 लाख रुपए की ठगी की गई थी। महिला प्राइवेट कंपनी में जनरल मैनेजर के पोस्ट से रिटायर हुई थी। पुलिस ने उत्तर प्रदेश से 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया था। ठगों ने रुपए ट्रांसफर करने 40 से ज्यादा फर्जी कंपनी बनाई थी। आरोपियों के खातों में 43 लाख रुपए होल्ड कराए गए थे। मामला विधानसभा थाना क्षेत्र का था। पढ़ें पूरी खबर…


