सवाई माधोपुर के पुराने शहर क्षेत्र में पिछले कुछ समय से लेपर्ड के मूवमेंट से लोगों में दहशत का माहौल बना हुआ है। बीते कई दिनों से रात के समय विभिन्न इलाकों में लेपर्ड का मूवमेंट देखा गया, जिससे स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ गई थी। जिसके चलते लोग लगातार वन विभाग से पिंजरा लगाकर लेपर्ड को पकड़ने की मांग कर रहे थे। इसी कड़ी में रविवार रात को वन विभाग की ओर से पिंजरा लगाया गया। अब यह आने वाला समय ही बताएगा कि लेपर्ड कब तक पिंजरे में कैद होता है। वन विभाग ने लगाया पिंजरा जानकारी के अनुसार पुराने शहर के 72 सीढ़ी स्कूल, रामलीला मैदान, चुडैला बालाजी और शहर पुलिस चौकी के आसपास पिछले कुछ दिनों से लेपर्ड की मौजूदगी देखी गई थी। इन घटनाओं के बाद लोगों में भय का माहौल बन गया था। लोग रात को घरों से बाहर निकलने में कतरा रहे थे। स्थानीय लोगों की मांग पर रविवार रात आरओपीटी रेंजर अश्वनी प्रताप सिंह के नेतृत्व में वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और 72 सीढ़ी स्कूल में परिसर में पिंजरा स्थापित किया गया। वन विभाग द्वारा क्षेत्र में निगरानी भी बढ़ा दी गई है और लोगों को सतर्क रहने की अपील की गई है। आपको बता दें हाल ही में एक लेपर्ड के हमले में सात वर्षीय बालक की मौत हो गई थी। जिसके बाद वन विभाग ने नीम चौकी इलाके से एक लेपर्ड को पिंजरा लगाकर पकड़ा था। जिसके बाद अब फिर से लेपर्ड का मूवमेंट बना हुआ है। जिसकी वजह से वन विभाग ने फिर से पिंजरा लगाया है।


