अजमेर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर रविवार को ट्रेन की चपेट में आने से गुजरात के एक व्यापारी की मौत हो गई। जीआरपी ने शव को कब्जे में लेकर जेएलएन अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है। शिनाख्त के बाद मृतक के परिजन को सूचना दे गई है। परिजन के अजमेर पहुंचने के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। जानकारी के अनुसार पोरबंदर-दिल्ली सराय रोहिल्ला ट्रेन से जामनगर निवासी गोविंद पटेल सफर कर रहा था। वह हार्डवेयर का सामान खरीदने के लिए जयपुर जा रहा थे। अजमेर में ट्रेन रुकी तो गोविंद कुछ सामान लेने प्लेटफॉर्म पर उतरा। जीआरपी के मुताबिक ट्रेन चलने लगी तो गोविंद ने दौड़कर चढ़ने का प्रयास किया लेकिन उसका पैर फिसल गया और वह नीचे गिर गया। वह ट्रेन और प्लेटफॉर्म के बीच गिरा और पहियों की चपेट में आ गया। हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोग जमा हो गए। कई लोग मदद करने की बजाय मोबाइल फोन से वीडियो बनाते रहे। हादसे के बाद जीआरपी ने मृतक के मोबाइल से पता किया कि उसका कोई परिचित भी ट्रेन में मौजूद है। उसे हादसे की जानकारी देकर अगले स्टेशन से वापस बुलाया जिसने मृतक की पहचान की।


