अशोकनगर से लापता एक किशोर को पुलिस ने उत्तर प्रदेश के अयोध्या से बरामद कर लिया है। किशोर बीते 9 दिन पहले घर से बिना बताए निकल गया था। जिसके बाद परिजनों ने थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। जानकारी के अनुसार, बोहरे कॉलोनी से लापता हुए 14 वर्षीय किशोर को उत्तर प्रदेश के अयोध्या से बरामद कर लिया गया है। किशोर 10 जनवरी को घर से बिना बताए निकल गया था। कोतवाली थाना प्रभारी मनीष शर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने बच्चे की तलाश में कई दिनों तक लगातार प्रयास किए। टीम ने आसपास के सभी सीसीटीवी फुटेज की जांच की और सोशल मीडिया पर भी सूचना प्रसारित की। मुखबिर से मिली जानकारी के आधार पर किशोर के अयोध्या में होने का पता चला। इंचार्ज थाना प्रभारी आशुतोष गुप्ता ने तुरंत सब इंस्पेक्टर भोजराम भगत और आरक्षक रविंद्र भारद्वाज को अयोध्या भेजा। वहां स्थानीय पुलिस की मदद से किशोर को सकुशल बरामद कर लिया गया। पुलिस टीम अब बच्चे को लेकर अशोकनगर वापस आ गई है। बच्चे ने पुलिस को बताया कि वह घर से नाराज होकर मुजफ्फरपुर ट्रेन में सवार होकर चला गया था।


