जालंधर/नवांशहर | काउंटर इंटेलिजेंस जालंधर व सीआईए स्टाफ नवांशहर की टीम ने नवांशहर की पुलिस चौकी आसरों पर हैंड ग्रेनेड हमले की साजिश को अंजाम देने वाले खालिस्तान जिंदाबाद फोर्स के 3 आतंकियों को गिरफ्तार किया। चौकी पर ग्रेनेड फेंकने की साजिश 6 माह पहले बनाई गई थी। आतंकी संगठन ने इन्हें 4.50 लाख रु. दिए थे। ग्रेनेड की डिलीवरी 28 नवंबर को जीटी रोड पर चहेड़ू के पास दी गई थी। युगप्रीत सिंह उर्फ युवी वासी मोहल्ला काजीया (राहों) जसकरण सिंह निवासी जगोतीया (राहों), हरजोत सिंह निवासी दुग्गलां मोहल्ला (राहों) को कोर्ट में पेश कर 3 दिन का रिमांड लिया है। पंजाब-हरियाणा के नेता टारगेट पर थे आरोपी जर्मनी, यूके व अन्य देशों से चलाए जा रहे केजेएफ मॉड्यूल के सदस्य हैं। उन्हें पंजाब, हरियाणा में पुलिस थानों व अल्पसंख्यक नेताओं को निशाना बनाना था। युगप्रीत ने कहा, उसकी संगठन से बात होती थी। उसने जसकरण, हरजोत को पैसे का लालच देकर शामिल किया था। उसे मैसेज मिला था कि जालंधर जीटी रोड पर चहेड़ू के पास ग्रेनेड की डिलीवरी मिलेगी। वह उसे लेकर राहों आ गए। फिर टारगेट मिला। 2 दिसंबर को जसकरण, हरजोत बाइक पर आए थे। जसकरण ने ग्रेनेड फेंका था।


