आज सीकर में कड़ाके की सर्दी पड़ रही है। सीकर में आज न्यूनतम तापमान में 6 डिग्री की बढ़ोतरी हुई है। यहां पर न्यूनतम तापमान 6 डिग्री दर्ज किया गया है। इससे पहले यहां पर 4 जनवरी को न्यूनतम तापमान -0.2 डिग्री और अधिकतम तापमान 19.5 दर्ज किया गया था। वेस्टर्न डिस्टरबेंस का असर खत्म होने के बाद सीकर में पिछले 3 दिन से कड़ाके की सर्दी पड़ रही है। रविवार को दोपहर में भी अधिकतम तापमान 15 डिग्री के करीब रहने के चलते पूरे दिन सीकर में तेज ठंड का असर रहा। इधर आज सुबह सीकर शहर समेत पूरे शहर में घना कोहरा छाया। फतेहपुर, रानोली और पलसाना एरिया में घने कोहरे के कारण विजिबिलिटी करीब 30 मीटर से भी कम रही। शहर में डेन्सिटी ज्यादा होने के कारण विजिबिलिटी 100 मीटर तक कुछ बढ़ी हुई रही। रानोली में खेत के पास से गुजर रही ट्रेन भी धुंधली सी नजर आई। वहीं, किसान तेज सर्दी से फसलों को बचाने के लिए उन पर कपड़े व तिरपाल लगा रहे हैं। मौसम एक्सपर्ट्स का मानना है कि फिलहाल अभी सीकर में तेज सर्दी का दौर जारी रहेगा। अगले दो से तीन दिनों में न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री की गिरावट की संभावना है। 8 जनवरी तक सीकर में मौसम ड्राई रहने का अनुमान है।


