प्रदेश में चल रही सर्द हवा से कोटा में ठंड और बढ़ गई है।आज शहर सहित कोटा जिले में सुबह से कोहरा छाया रहा। कोहरे के कारण विजिबिलिटी 100 से 150 मीटर के आसपास रही। ग्रामीण इलाकों में कोहरे के असर ज्यादा देखने को मिला। पार्क व हरियाली वाली जगहों पर ओंस की बूंदे दिखाई दी। मौसम में बदलाव से दिन व रात के पारे में चार डिग्री का अंतर रह गया है। कोटा में अधिकतम तापमान 15 डिग्री से नीचे पहुंच गया। मौसम विभाग ने अगले एक सप्ताह कड़ाके की सर्दी की संभावना जताई है। तापमान गिरने से जिले में पिछले 24 घंटे में कोहरा छाया हुआ है। रविवार रात को श्रीनाथपुरम, आरकेपुरम इलाके में कोहरे की चादर छाई रही। जो सुबह 6 बजे तक बरकरार रही। कोहरे के चलते पार्को में मॉर्निंग वॉक को आने वाले लोगों को परेशानी हुई। कोहरे के चलते सड़कों पर वाहनों की रफ्तार भी धीमी रही। रविवार को अधिकतम तापमान 15 डिग्री से नीचे दर्ज हुआ। अधिकतम पारा 13.3 डिग्री व न्यूनतम पर 9.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। 3 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चली। जिसके चलते सुबह और शाम के वक्त लोग घरों में दुबकने को मजबूर है। दिनभर बादल छाए रहे। ठंडक और गलन का असर हर कहीं महसूस हो रहा है।


