भिंड में कड़ाके की ठंड और ‘कोल्ड-डे’ के चलते प्रशासन ने कक्षा पहली से 5वीं तक के स्कूलों की छुट्टी दो दिन और बढ़ा दी है। कलेक्टर ने रविवार रात करीब 11:30 बजे यह आदेश जारी किया। देर रात आदेश आने की वजह से कई अभिभावक मैसेज नहीं देख पाए और सोमवार सुबह बच्चे तैयार होकर स्कूल भी पहुंच गए। मैसेज नहीं देखा, ठिठुरते हुए स्कूल पहुंचे
कलेक्टर का आदेश शिक्षा विभाग के जरिए रविवार रात 11:30 बजे स्कूल प्राचार्यों और बस संचालकों के व्हाट्सएप ग्रुपों में भेजा गया। सोमवार सुबह जब बच्चे स्कूल जाने के लिए तैयार हो चुके थे, तब कई अभिभावकों की नजर मोबाइल पर पड़ी। वहीं, कई अभिभावक समय पर मैसेज नहीं देख पाए, जिससे बच्चे कड़ाके की ठंड में स्कूल पहुंच गए, जहां उन्हें छुट्टी की जानकारी मिली और उन्हें वापस लौटना पड़ा। पारा 5 डिग्री, गलन वाली सर्दी
जिले में पिछले पांच दिनों से तापमान लगातार गिर रहा है। न्यूनतम तापमान 5 डिग्री और अधिकतम 17 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है। कोल्ड-डे के कारण गलन बढ़ गई है। शीतकालीन अवकाश के बाद 5 जनवरी से स्कूल खुलने वाले थे, लेकिन ठंड का प्रकोप देखते हुए प्रशासन ने छोटे बच्चों के लिए छुट्टी बढ़ा दी है। मांग: 8वीं तक हो छुट्टी या बदले टाइमिंग
छठवीं से आठवीं तक के बच्चों को भी सुबह की पाली में ठंडे कमरों में पढ़ाई करनी पड़ रही है। अभिभावक संदीप शर्मा का कहना है कि ठंड से बच्चे बीमार हो रहे हैं, इसलिए स्कूलों का समय बदलना चाहिए या छुट्टियां बढ़ाई जाएं। वहीं, अभिभावक ज्योतिषणा सिंह ने मांग की है कि 8वीं तक के बच्चों की भी छुट्टी होनी चाहिए, क्योंकि वे भी कोमल होते हैं और जल्दी बीमार पड़ते हैं।


