मथुरा में सर्राफा कारोबारी की पेचकस से गोदकर हत्या:बेड पर खून देख चीखा किराएदार; रिश्तेदार बोला- 100Kg चांदी लूट ले गए

मथुरा में सर्राफा कारोबारी की हत्या कर दी गई। उनकी खून से लथपथ लाश बेडरूम में मिली है। सिर में गहरा घाव है। आशंका है कि पेचकस से वार किया गया, जो सिर के आर-पार हो गया। वारदात का पता उस वक्त चला, जब कारोबारी मंगलवार सुबह काफी देर तक नहीं उठे। मकान के ग्राउंड फ्लोर पर रहने वाले किराएदार ने कमरा खोलकर देखा तो बेडरूम में शव पड़ा था। पूरे बेड पर खून फैला था। यह देखकर वह चीख पड़ा। आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। सूचना पर पहुंची पुलिस को अलमारी और तिजोरी खुली मिली। फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से सबूत जुटाए हैं। पुलिस को आशंका है कि घर में लूटपाट के बाद हत्या की गई। शुरुआती जांच में कारोबारी के शरीर पर चोट के कुछ निशान मिले हैं। पुलिस का कहना है कि मौत की असली वजह पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगी। मामला थाना गोविंद नगर क्षेत्र का है। कारोबारी के रिश्तेदार का कहना है कि 100 किलो चांदी लूटी गई है। कारोबारी सतीश चंद्र गर्ग के तीन बेटों की शादी हो चुकी है। सभी बेटे अपने-अपने परिवार के साथ बाहर रहते हैं। बड़ा बेटा मुकुल पुणे में, दूसरा बेटा मयंक नोएडा में और सबसे छोटा बेटा अभिषेक गुरुग्राम में नौकरी करता है। दो साल पहले पत्नी रजनी के निधन के बाद सतीश चंद्र घर में अकेले रह रहे थे। जानिए पूरा मामला गोली मारी गई या पेचकस से हमला किया गया
इस मामले में परिजनों ने लूट के बाद हत्या की आशंका जताई है। मृतक के दामाद दास बिहारी गर्ग ने बताया कि संभवतः 100 किलो चांदी लूटी गई है। सिर पर जिस तरह की चोट है वो बंदूक से निकली गोली लग रही है या पेचकस से हमला किया है। खून सिर के पीछे से निकला है। इनकी किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी। हमें ये लगता है कि किसी जानकार ने ही लूटपाट करके हत्या की है। क्योंकि उनके जूते कमरे के अंदर रखे थे। जबकि वो कभी कमरे में जूते-चप्पल पहनकर नहीं जाते थे। एसपी सिटी राजीव कुमार सिंह ने बताया- आज सुबह हमें सूचना मिली कि यहां रहने वाले सतीश कुमार गर्ग की उनके घर पर हत्या कर दी गई। उनके सिर पर चोट के निशान है। वो अपने घर में अकेले रहते थे। ग्राउंड और सेकेंड फ्लोर पर किराएदार रहते हैं। पुलिस टीम छानबीन कर रही है। फिंगर प्रिंट लिए जा रहे हैं। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही कुछ कहा जा सकता है। संदिग्धों को हिरासत में लेकर उनसे पूछताछ की जा रही है। परिवार वाले आ गए हैं, उनसे पूछताछ करके बाकी तथ्यों की भी जांच की जा रही है। ———————- ये खबर भी पढ़ें… महिला क्रिकेटर से बोले प्रेमानंदजी-मनोरंजन में फंसे तो करियर खत्म; कहा- क्रिकेट खेल है, लेकिन जीत पर पूरा देश खुश होता है ‘मैच जीतना तो एक खेल है, लेकिन इससे पूरे देशवासी खुश हो जाते हैं। भारतवासी खेल को केवल मनोरंजन नहीं, बल्कि राष्ट्रीय गौरव से जोड़कर देखते हैं। इसलिए खिलाड़ी को हमेशा जीतने की कोशिश करनी चाहिए। अच्छा अभ्यास करना चाहिए और भगवान का चिंतन रखना चाहिए।’ पढ़िए पूरी खबर

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *