इंदौर के जवाहर टेकरी क्षेत्र में एक होटल में काम करने वाले कर्मचारी की सड़क किनारे संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। चंदन नगर पुलिस ने दुर्गेश (45) रामचंद्र प्रसाद, निवासी मारूति पेलेस कॉलोनी, की मौत की जांच शुरू की है। पुलिस के अनुसार, दुर्गेश एक होटल में काम करता था। रविवार शाम को वह होटल से कुछ दूरी पर बाथरूम के लिए गया और उस दौरान जमीन पर गिर गया। अंधेरा होने के कारण आसपास किसी की नजर नहीं पड़ी। रात में लोगों ने सड़क किनारे पड़े दुर्गेश को देखा और होटल मालिक को सूचना दी। लेकिन तब तक दुर्गेश का शरीर अकड़ चुका था। डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस का कहना है कि संभवतः दुर्गेश तबीयत बिगड़ने के कारण गिरा। शरीर पर चोट के निशान नहीं हैं, लेकिन समय पर मदद नहीं मिलने के कारण वह सड़क किनारे ही पड़े रहा, जिससे उनकी मौत हुई। 20 सालों से कर रहे थे काम पुलिस का अनुमान है कि हार्ट अटैक और ठंड के कारण उनकी मौत हुई। परिवार ने बताया कि दुर्गेश होटल से थोड़ी दूरी पर ही गए थे, लेकिन होटल मालिक ने उनकी स्थिति के बारे में जानकारी नहीं जुटाई। दुर्गेश पिछले 20 सालों से उसी होटल में कार्यरत थे। उनके परिवार में पत्नी और दो बेटे हैं। पुलिस के अनुसार, पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की स्थिति स्पष्ट हो जाएगी।


