बीकानेर में पिछले 10 दिनों के मौसम पर नजर डालें तो सर्दी का असर संतुलित नजर आ रहा है। तापमान में न गिरावट हुई और न ही अचानक उछाल देखा गया। सोमवार को बीकानेर का अधिकतम तापमान 21.2 डिग्री सेल्सियस जबकि न्यूनतम तापमान 7.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। लूणकरणसर में भी समान रहा तापमान का ट्रेंड बीकानेर संभाग के लूणकरणसर क्षेत्र में भी मौसम का मिजाज लगभग समान रहा। यहां अधिकतम तापमान 20.9 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 8.4 डिग्री सेल्सियस रहा। बीते दस दिनों में न्यूनतम तापमान 7 से 9 डिग्री के बीच बना हुआ है, जिससे कड़ाके की सर्दी जैसी स्थिति नहीं बनी। दोपहर में नहीं सताती सर्दी हालांकि सुबह और रात के समय ठंड का एहसास बना हुआ है, लेकिन दोपहर में सर्दी का असर काफी कम हो जाता है। धूप निकलने के बाद तापमान में राहत मिल रही है और आमजन को दिन के समय जैकेट या भारी गर्म कपड़ों की जरूरत महसूस नहीं हो रही। कोहरे की स्थिति भी सामान्य सोमवार को बीकानेर में हल्का कोहरा रहा। सुबह करीब दस बजे तक धूप नहीं निकली, लेकिन कोहरा घना नहीं था। इस पूरे सर्दी के सीजन में अब तक केवल दो से तीन बार ही घने कोहरे की स्थिति बनी है, बाकी दिनों में दृश्यता सामान्य रही। पिछले 10 दिन का रुझान क्या कहता है मौसम के आंकड़ों का विश्लेषण करें तो बीकानेर में पिछले दस दिनों में अधिकतम तापमान 20 से 23 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है, जबकि न्यूनतम तापमान 7 से 10 डिग्री सेल्सियस के दायरे में रहा है। इससे साफ है कि इस बार सर्दी स्थिर रही है और अब तक किसी बड़े शीतलहर जैसे हालात नहीं बने हैं।


