डिंडोरी में कड़ाके की ठंड और घने कोहरे के कारण कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया ने नर्सरी से पांचवीं तक के स्कूलों में दो दिन की छुट्टी घोषित कर दी है। यह आदेश सोमवार सुबह 9 बजे जारी किया गया। जिले में शीतलहर का प्रकोप जारी है, जिसके चलते पेरेंट्स ने स्कूलों में छुट्टी की मांग की थी। सोमवार सुबह भी डिंडोरी में घना कोहरा छाया रहा, जिससे विजिबिलिटी 10 मीटर से भी कम हो गई। कड़ाके की ठंड के कारण स्कूलों में बच्चों की उपस्थिति काफी कम रही। कई पेरेंट्स अपने बच्चों को स्कूल छोड़ने नहीं पहुंचे। पेरेंट्स बोले- प्रशासन को एक हफ्ते की छुट्टी देनी चाहिए दैनिक भास्कर रिपोर्टर जब सुबह 9 बजे स्कूल पहुंचा, तो देखा कि बाइक, ऑटो और कार से बच्चों को छोड़ने आने वाले अभिभावकों की संख्या भी कम थी। पेरेंट्स गोपाल दास बघेल ने बताया कि वह अपने बच्चे को छोड़ने के लिए तीन किलोमीटर दूर सुबखार गांव से आते हैं। उन्होंने कहा कि “गलन वाली ठंड पड़ रही है, ऐसे में प्रशासन को स्कूल के समय में बदलाव करना चाहिए या कम से कम एक हफ्ते की छुट्टी घोषित करनी चाहिए। पेरेंट्स की मांग पर 2 दिन की छुट्टी घोषित पेरेंट्स की मांग और मौसम की स्थिति को देखते हुए कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया ने शिक्षा विभाग के अधिकारियों को अपने बंगले पर बुलाया। सर्व शिक्षा अभियान के अधिकारी सुबह ही कलेक्टर बंगले पहुंच गए थे। चर्चा के बाद, कलेक्टर ने नर्सरी से लेकर पांचवीं तक की कक्षाओं के लिए सोमवार और मंगलवार को छुट्टी घोषित करने का आदेश जारी किया। मौसम की स्थिति को देखते हुए इन छुट्टियों को आगे भी बढ़ाया जा सकता है।


