रामगढ़ कैंट में फर्जी भर्ती रैकेट का भंडाफोड़:लखनऊ मिलिट्री इंटेलिजेंस से मिली सूचना, अग्निवीर सिलेक्शन के नाम पर लिए थे ₹ 3.20 लाख

रामगढ़ कैंट आर्मी पोस्ट ऑफिस और अग्निवीर सिलेक्शन परीक्षा के नाम पर फर्जी भर्ती कराने वाले एक धोखेबाज का भंडाफोड़ हुआ है। लखनऊ मिलिट्री इंटेलिजेंस से मिली खास सूचना के आधार पर रजरप्पा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 03 जनवरी 2026 को रजरप्पा थाना में मामला दर्ज किया है। इस संबंध में थाना के कांडेर निवासी पन्ना लाल मुंडा, पिता मेघो मुंडा के खिलाफ FIR संख्या 03/26 दर्ज की गई है। पुलिस का कहना है कि मामला सेना से जुड़ा होने के कारण जांच को बेहद गंभीरता से लिया जा रहा है। फर्जी भर्ती का झांसा देकर वसूली सूत्रों के अनुसार आरोपी ने रामगढ़ जिले के रजरप्पा थाना क्षेत्र अंतर्गत गांव जमिरा निवासी सुरेश महतो से आर्मी पोस्ट ऑफिस रामगढ़ कैंट में नौकरी दिलाने या अग्निवीर सिलेक्शन परीक्षा में पास कराने का झांसा दिया। इस भरोसे में आकर सुरेश महतो ने अलग-अलग किस्तों में कुल 3.20 लाख रुपए आरोपी को सौंप दिए। आरोपी खुद को प्रभावशाली संपर्कों वाला व्यक्ति बताता था। सेना में सीधी भर्ती कराने का दावा करता था। जब लंबे समय तक न तो किसी तरह का कॉल लेटर आया और न ही अग्निवीर चयन प्रक्रिया में सफलता मिली, तब शिकायतकर्ता ने आरोपी से संपर्क करने की कोशिश की। शुरुआत में आरोपी टालमटोल करता रहा, लेकिन बाद में उसने फोन उठाना बंद कर दिया। पूरी तरह संपर्क तोड़ लिया। इसके बाद पीड़ित ने मामले की जानकारी स्थानीय स्तर पर दी, जो अंततः मिलिट्री इंटेलिजेंस तक पहुंची। रजरप्पा थाना में FIR दर्ज मिलिट्री इंटेलिजेंस की पुष्टि के बाद रजरप्पा पुलिस ने शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली। पुलिस के अनुसार मामला ठगी, धोखाधड़ी और फर्जी भर्ती से जुड़ा है, जिसमें और भी पीड़ित सामने आ सकते हैं। आरोपी की तलाश में छापेमारी की जा रही है। उसके बैंक लेनदेन की भी जांच की जा रही है। रामगढ़ पुलिस और मिलिट्री इंटेलिजेंस संयुक्त रूप से इस पूरे मामले की गहन जांच कर रही हैं। जांच एजेंसियों का फोकस यह पता लगाने पर है कि आरोपी अकेला था या किसी बड़े फर्जी भर्ती गिरोह का हिस्सा है। पुलिस ने युवाओं से अपील की है कि सेना या अग्निवीर भर्ती के नाम पर किसी भी व्यक्ति को पैसे न दें और केवल आधिकारिक प्रक्रियाओं पर ही भरोसा करें।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *