बूंदी में घने कोहरे के दौरान एक सड़क हादसे में 60 वर्षीय किसान की मौत हो गई। यह हादसा मांगली नदी की पुलिया के पास हुआ, जहां एक ट्रेलर ने धान से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। मृतक की पहचान हरिपुरा नमाना निवासी रामनिवास मालव के रूप में हुई है। टक्कर इतनी भीषण थी कि रामनिवास मालव ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस शव को तालेड़ा अस्पताल लेकर पहुंची, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इन फोटोज के जरिए जानिए घटनाक्रम… ट्रैक्टर ड्राइवर की मौके पर ही हुई मौत
तालेड़ा थाना अधिकारी अरविंद भारद्वाज ने बताया कि किसान रामनिवास अपने गांव से धान लेकर बूंदी कृषि मंडी में बेचने के लिए जा रहा था। पीछे से आए ट्रेलर ने ट्रैक्टर को टक्कर मार दी, जिससे ट्रैक्टर ड्राइवर की मौके पर ही मौत हो गई। गुस्साए लोगों ने जयपुर-कोटा हाईवे किया जाम
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने जयपुर-कोटा हाईवे को डेढ़ घंटे तक जाम कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है और फरार ट्रेलर ड्राइवर की तलाश की जा रही है।


