चूरू जिले की रतनगढ़ पुलिस ने गश्त के दौरान एक ट्रक से भारी मात्रा में अफीम जब्त की है। पुलिस ने ट्रक की स्टेपनी में छिपाकर ले जाई जा रही 16 किलो 195 ग्राम अफीम बरामद की, जिसकी बाजार कीमत करीब 81 लाख रुपए बताई जा रही है। इस मामले में एक तस्कर को भी गिरफ्तार किया गया है। यह कार्रवाई सरदारशहर-रतनगढ़ रोड पर मालासर टोल बूथ के पास देर रात की गई। रतनगढ़ थानाधिकारी गौरव खिड़िया ने बताया कि एसआई सुभाषचंद्र अपनी टीम के साथ गश्त पर थे, तभी उन्होंने रतनगढ़ की तरफ से आ रहे एक ट्रक को रोका और उसकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान ट्रक की स्टेपनी में 6 छोटे पैकेट मिले, जिनमें अफीम छिपाई गई थी। पुलिस ने ट्रक में सवार प्रतापगढ़ के धामनिया सादड़ी निवासी 32 वर्षीय घनश्याम कुमावत को गिरफ्तार कर लिया। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि तस्कर खाली ट्रक को गुजरात से हनुमानगढ़ की ओर लेकर जा रहा था। जब्त ट्रक की कीमत भी अफीम के साथ मिलाकर करीब 81 लाख रुपए आंकी गई है। पुलिस आरोपी तस्कर घनश्याम कुमावत से गहन पूछताछ कर रही है। पुलिस यह जांच कर रही है कि इतनी बड़ी मात्रा में अफीम कहां से लाई गई थी और इसे कहां पहुंचाया जाना था। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।
इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में रतनगढ़ थानाधिकारी गौरव खिड़िया, डीएसटी प्रभारी जयप्रकाश झाझड़िया, एसआई सुभाषचंद्र, हेड कॉन्स्टेबल धर्मेंद्र, राकेश कुमार, मोनू, दौलत, तथा डीएसटी के मुकेश कुमार, मुकेश, मोहरपाल, प्रमोद और भीमसिंह शामिल थे।


