इंदरगढ़ थाना अंतर्गत शादी का बादा देकर शारीरिक शोषण किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने रोहित उर्फ मोहित तिवारी के खिलाफ रविवार रात मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इंदरगढ़ कस्बा निवासी 25 वर्षीय महिला ने शिकायत में बताया कि, उसकी शादी साल 2011 में भिंड जिले के एक युवक से हुई थी। शादीशुदा जीवन ठीक न होने के कारण वह अधिकतर अपने मायके में रहती है। इसी दौरान मोहल्ले में रहने वाले रोहित तिवारी से उसकी पहचान हुई। बातचीत बढ़ने पर आरोपी ने पीड़िता से कहा कि वह अपने पति से तलाक ले ले, इसके बाद दोनों शादी कर लेंगे। करीब डेढ़ साल रहने के बाद छोड़कर भागा
मार्च 2024 में आरोपी उसे ससुराल से लेकर इंदरगढ़ आ गया और किराए का रुम लेकर दोनों पति-पत्नी की तरह रहने लगे। इस दौरान आरोपी ने शादी का भरोसा दिलाकर कई बार शारीरिक संबंध बनाए। करीब तीन महीने पहले आरोपी यह कहकर गया कि वह घर के काम से बाहर जा रहा है, लेकिन वापस नहीं लौटा। कुछ दिन बाद लौटने पर उसने साफ कह दिया कि वह अब साथ नहीं रह सकता और शादी से भी इनकार कर दिया। पीड़िता का आरोप है कि आरोपी ने उसे शादी का झांसा देकर मानसिक और शारीरिक रूप से इस्तेमाल किया और बाद में छोड़कर चला गया। मामले की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।


