सागर के जगथर में खेत में दिखा तेंदुआ:किसान के शोर मचाने पर भागा, वन विभाग को मिले पगमार्क; सतर्क रहने की सलाह

सागर जिले के बंडा विकासखंड के ग्राम जगथर में रविवार रात एक खेत में तेंदुआ देखा गया। किसान के शोर मचाने पर तेंदुआ मौके से भाग निकला। सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और इलाके में सर्चिंग की। टीम को मौके से तेंदुए के पगमार्क (पैरों के निशान) मिले हैं। वन विभाग ने ग्रामीणों को रात के समय खेतों में जाते वक्त सावधानी बरतने की सलाह दी है। खाली ट्रॉली पर बैठा था तेंदुआ जानकारी के अनुसार, ग्राम जगथर में एक किसान के खेत में खाली ट्रॉली रखी थी। रात के समय तेंदुआ उस पर आकर बैठ गया। जब किसान खेत की रखवाली करने पहुंचा, तो उसने तेंदुआ देखा। उसने तुरंत शोर मचाया, जिसे सुनकर आसपास के खेतों में मौजूद अन्य किसान भी वहां पहुंच गए। लोगों को देखकर तेंदुआ वहां से भाग गया। किसानों ने तत्काल इसकी सूचना बंडा वन परिक्षेत्र कार्यालय में दी। पगमार्क मिले, लेकिन तेंदुआ नजर नहीं आया सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम जगथर पहुंची। टीम ने खेत और आसपास के रास्तों पर पगमार्क तलाशे। जांच के दौरान वहां तेंदुए के पगमार्क मिले हैं। टीम ने आसपास के क्षेत्र में तेंदुए की काफी खोजबीन की, लेकिन वह नजर नहीं आया। वन विभाग ने किसानों को रात के समय खेतों में आते-जाते समय विशेष सावधानी बरतने को कहा है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *