लातेहार शहर के बीचो-बीच स्थित कोर्ट परिसर में रविवार रात चोरों ने बेखौफ होकर चोरी की घटना को अंजाम दिया। चोरों ने परिसर में स्थित दो दुकानों को निशाना बनाते हुए ताले तोड़ दिए, जबकि एक तीसरी दुकान का ताला तोड़ने के बावजूद वे अंदर प्रवेश नहीं कर सके। घटना में एक स्टांप वेंडर की दुकान से करीब चार हजार रुपए नकद चोरी कर लिए गए, जबकि दूसरी दुकान से जरूरी कागजात गायब पाए गए। कोर्ट परिसर जैसे संवेदनशील और सुरक्षित माने जाने वाले क्षेत्र में चोरी की घटना से दुकानदारों और आम लोगों में दहशत का माहौल है। स्टांप वेंडर की दुकान से नकदी उड़ी जानकारी के अनुसार स्टांप वेंडर रिजवान अख्तर की दुकान का ताला तोड़कर चोरों ने गल्ले में रखे करीब तीन से चार हजार रुपए नकद चुरा लिए। वहीं, दूसरे स्टांप वेंडर पवन कुमार पाठक की दुकान का भी ताला तोड़ा गया, जहां से कुछ जरूरी कागजात गायब होने की बात सामने आई है। इसके अलावा टाइपिंग दुकानदार अमित कुमार सिन्हा की दुकान का ताला भी चोरों ने तोड़ा, लेकिन किसी कारणवश वे अंदर प्रवेश नहीं कर पाए, जिससे कोई आर्थिक नुकसान नहीं हुआ। रिजवान अख्तर ने बताया कि सुबह जब वह दुकान खोलने पहुंचे तो ताला टूटा हुआ था और अंदर से नकदी गायब थी। उन्होंने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल घटना के बाद दुकानदारों ने कोर्ट परिसर की रात्रि सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। उनका कहना है कि शहर के मध्य स्थित और रोजाना सैकड़ों लोगों की आवाजाही वाले कोर्ट परिसर में अगर चोरी हो रही है, तो आम इलाकों की सुरक्षा का अंदाजा लगाया जा सकता है। दुकानदारों ने प्रशासन से रात में नियमित गश्त बढ़ाने और कोर्ट परिसर में सीसीटीवी कैमरों की संख्या बढ़ाने की मांग की है। चोरी की सूचना मिलते ही एसडीपीओ अरविंद कुमार और थाना प्रभारी रामाकांत गुप्ता पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और पीड़ित दुकानदारों से जानकारी ली। एसडीपीओ अरविंद कुमार ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और मामले की जांच जारी है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जल्द ही चोरों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


