उज्जैन महाकाल मार्ग पर अवैध निर्माण ध्वस्त:नगर निगम ने 3 मंजिला होटल पर की कार्रवाई

उज्जैन नगर निगम ने महाकाल मार्ग पर अवैध निर्माण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। सोमवार सुबह निगम की टीम ने नेहा होटल के समीप किए गए अवैध निर्माण को ध्वस्त किया। निगम अधिकारियों के अनुसार, भवन क्रमांक 97/7 ए पर नूरजहां पति गुलाम मोहम्मद द्वारा बिना अनुमति के जी प्लस 3 मंजिला होटल का अवैध निर्माण किया जा रहा था। यह निर्माण नगर निगम के जोन क्रमांक 3 के तहत आता है। निगम ने संबंधित पक्ष को पूर्व में भी बिना अनुमति निर्माण कार्य न करने के लिए सूचना पत्र जारी किया था। अधिकारियों ने बताया कि संबंधित पक्ष ने न्यायालय का रुख किया था, लेकिन उन्हें कोई स्थगन आदेश नहीं मिला। इसके बावजूद अवैध निर्माण कार्य जारी रखा गया। इसके बाद नगर निगम ने नियमानुसार कार्रवाई करते हुए पुलिस बल की मौजूदगी में पोकलेन मशीन की सहायता से अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया। इस कार्रवाई के दौरान सहायक आयुक्त प्रवीण मुकाती, महाकाल थाना प्रभारी गगन बादल, भवन अधिकारी दीपक शर्मा और रिमूवल गैंग प्रभारी मोनू थनवार सहित नगर निगम का अमला और पुलिस बल मौके पर मौजूद रहा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *