न्यू ईयर पार्टी में हमले के शिकार युवक की मौत:पटाखे जलाने के विवाद में डंडे से पीटा था, राजधानी के अंबेडकर नगर की घटना

नए वर्ष का जश्न के बीच कमला नगर थाना क्षेत्र स्थित अंबेडकर नगर मल्टी में एक जनवरी को दो गुटों में विवाद हो गया था। इस दौरान एक पक्ष के लोगों ने दूसरे पक्ष के लोगों पर लाठी और डंडों से हमला किया था। हमले में दो युवक गंभीर रूप से जख्मी हो गए थे। इसमें से एक की आज सुबह इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने हत्या का केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पार्टी के बाद युवकों से शुरू हुआ विवाद
पुलिस के अनुसार, बीते बुधवार की रात नए साल की शुरुआत पर अंबेडकर नगर मल्टी में रहने वाला सुमित राउत (20) अपने दोस्तों के साथ पार्टी कर रहा था। पार्टी खत्म होने के बाद सुमित और उसके साथी मल्टी के नीचे बैठकर आग ताप रहे थे। इसी दौरान मोहल्ले में ही रहने वाले प्रकाश, मनीष, सुनील कुमार, राहुल सिंह और अमित कुमार भी अपने दोस्तों के साथ पार्टी करने के बाद पटाखे जलाने लगे। पटाखे जलाते हुए दूसरा पक्ष सुमित और उसके दोस्तों के पास पहुंच गया। सुमित और उसके साथियों ने उनसे थोड़ी दूरी पर जाकर पटाखे चलाने को कहा। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच पहले कहासुनी हुई। शुरुआत में विवाद केवल शब्दों तक सीमित था, लेकिन कुछ ही मिनटों में गुस्सा बढ़ता गया और बात हाथापाई तक पहुंच गई। लात-घूंसे से शुरू होकर डंडे और पत्थर चले
आरोप है कि कहासुनी के बाद दोनों पक्षों के युवकों ने एक-दूसरे पर लात-घूंसे बरसाने शुरू कर दिए। आसपास मौजूद लोगों ने बीच-बचाव की कोशिश की, लेकिन विवाद और उग्र हो गया। इसके बाद युवकों ने डंडे उठा लिए और एक-दूसरे पर हमला कर दिया। कुछ ही देर में पत्थर भी चलने लगे, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। झड़प के दौरान अंबेडकर नगर मल्टी निवासी जतिन पाठक (20) के सिर में डंडा लग गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसकी इलाज के दौरान सोमवार की सुबह मौत हो गई। वहीं सुमित राउत को भी डंडे से चोट आई है। इसके अलावा दोनों पक्षों के अन्य युवक भी घायल हुए हैं। सभी घायलों को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है। सूचना मिलते ही पुलिस पहुंची मौके पर
घटना की जानकारी मिलते ही कमला नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक घायल युवकों को अस्पताल ले जाया जा चुका था। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और इसके बाद अस्पताल पहुंचकर घायलों के बयान दर्ज किए। पुलिस ने दोनों पक्षों के बयान और मौके पर मौजूद लोगों से पूछताछ के आधार पर मामले की जांच शुरू की। हत्या की धारा में इजाफा, जांच शुरू
पुलिस ने इस मामले में आधा दर्जन लोगों के खिलाफ मारपीट और हत्या के प्रयास जैसी गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया था। जांच के बाद सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस का कहना है कि घटना में इस्तेमाल किए गए डंडे और अन्य सामान को भी जब्त किया जा चुका है। आरोपियों के खिलाफ हत्या की धाराओं में इजाफा कर दिया गया है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *