दतिया जिला अस्पताल में अव्यवस्था उजागर:हाईवे हादसे में घायल युवक 20 मिनट तक स्ट्रेचर के लिए तड़पता रहा

दतिया जिला अस्पताल की व्यवस्थाओं पर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। सोमवार दोपहर गोराघाट थाना अंतर्गत ग्वालियर-झांसी हाईवे पर सीतापुर गांव के पास सड़क दुर्घटना में घायल हुए एक युवक को डायल 112 की टीम जिला अस्पताल लेकर पहुंची। लेकिन यहां गंभीर हालत में तड़प रहे घायल को करीब 20 मिनट तक स्ट्रेचर नहीं मिल सका। घायल के साथ मौजूद राहगीरों का आरोप है कि ट्रॉमा सेंटर और विभिन्न वार्डों में काफी देर तक स्ट्रेचर तलाशा गया, लेकिन कहीं भी उपलब्ध नहीं हुआ। बाद में अस्पताल स्टाफ ने किसी तरह व्यवस्था कर स्ट्रेचर उपलब्ध कराया, तब जाकर घायल को उपचार के लिए वार्ड में ले जाया गया। घायल की पहचान ग्वालियर निवासी देव भदौरिया के रूप में हुई है, जो बाइक से झांसी अपने किसी निजी कार्य से जा रहे थे। इस घटना ने जिला अस्पताल की आपातकालीन तैयारियों और व्यवस्थाओं की पोल खोल दी है, जहां गंभीर मरीजों को समय पर मूलभूत सुविधाएं भी नसीब नहीं हो पा रहीं। फिलहाल जिम्मेदार अधिकारियों ने जांच कर कार्रवाई की बात कही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *