चतरा पुलिस ने नशे के खिलाफ बड़ी और निर्णायक कार्रवाई करते हुए 15 लाख रुपये मूल्य की ब्राउन शुगर के साथ पांच तस्करों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई सदर थाना क्षेत्र के तुढाग जंगल में की गई, जहां तस्कर एक लग्जरी आई-20 कार के जरिए ब्राउन शुगर की बड़ी खेप खपाने की तैयारी में थे। पुलिस के अनुसार, यह डील गुप्त रूप से जंगल में की जा रही थी ताकि किसी को भनक न लगे। लेकिन पुलिस की सतर्कता ने तस्करों की योजना पर पानी फेर दिया। इस कार्रवाई को चतरा पुलिस की अब तक की बड़ी नशा विरोधी कार्रवाई माना जा रहा है। विशेष टीम की घेराबंदी से मिली सफलता पुलिस अधीक्षक सुमित अग्रवाल को गुप्त सूचना मिली थी कि तुढाग जंगल में आई-20 कार के जरिए नशीले पदार्थों की बड़ी डील होने वाली है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए एसडीपीओ संदीप सुमन और सदर थाना प्रभारी विपिन कुमार के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। पुलिस टीम ने बताए गए स्थान पर पहले से ही घेराबंदी कर ली। जैसे ही पुलिस ने दबिश दी, वहां मौजूद अपराधियों में अफरा-तफरी मच गई और वे भागने की कोशिश करने लगे। हालांकि, मुस्तैद पुलिस बल ने चारों तरफ से घेरकर ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री करते हुए पांचों तस्करों को मौके पर ही रंगे हाथ पकड़ लिया। 31.19 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद पकड़े गए तस्करों की तलाशी लेने पर उनके पास से 31.19 ग्राम अवैध ब्राउन शुगर बरामद की गई, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 15 लाख रुपए आंकी गई है। पुलिस ने मौके से तस्करी में इस्तेमाल की जा रही सफेद रंग की आई-20 कार (नंबर JH02BH-1938) और पांच स्मार्ट मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। इस संबंध में सदर थाना में कांड संख्या 06/2026 दर्ज किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों में रूपेश कुमार दांगी (मघनिया, मयूरहंड), नीरज कुमार यादव (ढोढ़ी, मयूरहंड), प्रकाश कुमार दांगी (ढोढ़ी, मयूरहंड), लक्ष्मण कुमार दांगी (ढोढ़ी, मयूरहंड) और राकेश कुमार दांगी (लोवागड़ा, सदर थाना) शामिल हैं। पुलिस अब इन तस्करों के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज की जांच कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि ब्राउन शुगर कहां से लाई गई थी और किन-किन इलाकों में इसकी सप्लाई होनी थी।


