सिंगरौली जिले के माडा थाना क्षेत्र के कोयल खूथ गांव में रविवार रात एक ज्वेलरी शॉप में चोरी की वारदात हुई। चोर दुकान का शटर तोड़कर अंदर घुसे और वहां रखी सोने-चांदी के जेवरों और नकदी से भरी अलमारी और गुल्लक ही उठाकर ले गए। घटना का पता सोमवार सुबह तब चला जब ग्रामीणों ने पास के एक खेत में टूटी हुई अलमारी और दुकान का कुछ सामान पड़ा देखा। इसके बाद तुरंत दुकान मालिक और पुलिस को इसकी जानकारी दी गई। मौके पर पहुंचकर देखा गया तो दुकान का ताला टूटा हुआ था और सामान बिखरा पड़ा था। एक लाख से ज्यादा का माल पार यह चोरी ललित प्रसाद सोनी की मेन रोड पर स्थित ज्वेलरी शॉप में हुई है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, चोर करीब एक लाख रुपए से ज्यादा के सोने-चांदी के गहने और नकदी लेकर फरार हुए हैं। दुकान मालिक ने माडा थाने में इसकी लिखित शिकायत दर्ज करा दी है। जांच में जुटी एफएसएल और डॉग स्क्वायड की टीम माडा थाना प्रभारी शिवपूजन मिश्रा ने बताया कि मामले की जांच के लिए एफएसएल टीम और डॉग स्क्वायड की मदद ली जा रही है। पुलिस घटनास्थल के आसपास से सबूत जुटा रही है ताकि चोरों की पहचान कर उन्हें जल्द से जल्द पकड़ा जा सके। पुलिस गश्त पर उठे सवाल स्थानीय लोगों ने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि मुख्य सड़क पर दुकान होने के बावजूद रात में पुलिस की गश्त नहीं होती, जिसका फायदा चोरों ने उठाया। ग्रामीणों ने पुलिस से रात में पेट्रोलिंग बढ़ाने की मांग की है। पुलिस ने जल्द ही चोरी का खुलासा करने का भरोसा दिया है।


