बूंदी विधायक हरिमोहन शर्मा ने जय मिनेश आदिवासी यूनिवर्सिटी, रानपुर कोटा के लिए विधायक कोष से 15 लाख रुपए की राशि स्वीकृत की है। यह अनुशंसा यूनिवर्सिटी के निर्माण और बूंदी विधानसभा क्षेत्र के छात्रों के अध्ययन के लिए की गई है। विधायक शर्मा ने बताया कि अखिल भारतीय मीना सामाजिक एवं शैक्षणिक समिति, कोटा के पदाधिकारियों और समाज के प्रतिष्ठित व्यक्तियों ने उनसे मुलाकात की थी। उन्होंने जय मिनेश यूनिवर्सिटी के निर्माण के लिए विधायक कोष से सहयोग का अनुरोध किया था। शर्मा ने उनके अनुरोध को स्वीकार करते हुए 15 लाख रुपए की स्वीकृति जारी की। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह राशि विशेष रूप से बूंदी विधानसभा क्षेत्र के होनहार छात्रों के लिए है, ताकि वे कॉलेज में उच्च शिक्षा प्राप्त कर सकें। समिति के निदेशक आरडी मीणा ने विधायक हरिमोहन शर्मा का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि विधायक ने उनके छोटे से अनुरोध पर तुरंत राशि स्वीकृत की, जिसके लिए समिति और समाज के सभी लोग उनके आभारी हैं। इस अवसर पर सेवानिवृत्त प्रशासनिक अधिकारी गिरिराज मीणा, बंशी लाल मीणा, रामजीवन मीणा, रामनारायण मीणा, पूर्व जिला प्रमुख कोटा कमला मीणा, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष रामकरण मीणा, जोधराज मीणा और पन्नालाल मीणा सहित कई गणमान्य व्यक्ति मौजूद थे।


