मैहर शहर के कटरा बाजार में दिनदहाड़े हुई 5 लाख रुपए के आभूषणों की चोरी का खुलासा हो गया है। इस मामले में पुलिस ने सोमवार को एक परिचित युवक को गिरफ्तार किया है, जो पीड़ित परिवार के यहां काम करता था। पीड़िता बबली जैन (45) ने कोतवाली थाना मैहर में इस संबंध में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 31 दिसंबर 2025 को दोपहर करीब 12 बजे वह अपनी भाभी के घर गई थीं। दोपहर लगभग 2 बजे जब वह वापस लौटीं, तो घर की अलमारी खुली मिली और उसमें रखे लगभग 5 लाख रुपए के सोने-चांदी के आभूषण गायब थे। भागते समय हुई थी पहचान पीड़िता के पति पवन कुमार जैन ने बताया कि जब वे दुकान से घर पहुंचे, तो उनकी आहट सुनकर एक युवक हाथ में सामान लेकर घर से भागता दिखा। उन्होंने उस युवक को पहचान लिया, जिसकी पहचान आकाश विश्वकर्मा उर्फ रवि विश्वकर्मा के रूप में हुई। आरोपी युवक उनके यहां काम करता था और रिश्ते में उनका भतीजा भी लगता था। पारिवारिक रिश्तेदारी के चलते पीड़िता ने पहले इस मामले को आपसी स्तर पर सुलझाने का प्रयास किया। हालांकि, जब आरोपी ने उनसे संपर्क नहीं किया, तो 3 जनवरी को पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई। कोतवाली थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 331(3) और 305(ए) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने चोरी की वारदात कबूल कर ली। उसकी निशानदेही पर चोरी किए गए सभी आभूषण बरामद कर लिए गए हैं। पुलिस ने आरोपी आकाश विश्वकर्मा को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। पुलिस ने बताया कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।


