झुंझुनूं की सूरजगढ़ थाना पुलिस और जिला स्पेशल टीम (DST) ने एक संयुक्त ऑपरेशन चलाकर दस हजार रुपए के इनामी बदमाश और हिस्ट्रीशीटर पुरुषोत्तम उर्फ पहलवान को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी लंबे समय से आर्म्स एक्ट के दो मामलों में फरार चल रहा था। पुलिस अधीक्षक बृजेश ज्योति उपाध्याय ने बताया कि अपराधियों की धरपकड़ के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक देवेंद्र सिंह राजावत और सीओ चिड़ावा विकास धींधवाल के सुपरविजन में सूरजगढ़ थानाधिकारी रणजीत सिंह के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया था। मुखबिर की सूचना और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर DST टीम और सूरजगढ़ पुलिस ने दबिश देकर आरोपी को दबोच लिया। गिरफ्तार किया गया आरोपी पुरुषोत्तम उर्फ पहलवान (36) दोबड़ा गांव का रहने वाला है। वह एक शातिर अपराधी है। आरोपी के खिलाफ विभिन्न थानों में चोरी, मारपीट और आर्म्स एक्ट जैसे कुल 15 गंभीर प्रकरण दर्ज हैं। पुलिस के अनुसार 22 अक्टूबर 2025 को पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान आकाश उर्फ शूटर और राहुल पंघाल को एक देसी कट्टे और जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया था। पूछताछ के दौरान इन आरोपियों ने खुलासा किया था कि उन्हें यह अवैध हथियार पुरुषोत्तम उर्फ पहलवान ने उपलब्ध करवाए थे। वह लंबे समय से पुलिस की आंखों में धूल झोंक रहा था। इसके चलते उस पर 10,000 रुपए का इनाम घोषित किया गया था। थानाधिकारी रणजीत सेवदा ने बताया कि पुलिस अब पहलवान से यह पूछताछ कर रही है कि वह अवैध हथियार कहाँ से लाता था और उसके गैंग में और कौन-कौन शामिल है।


