अरनोद थाना क्षेत्र के देवल्दी गांव में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी और वांछित अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। इस दौरान विभिन्न स्थानों पर दबिश देकर 7 बिना नंबरी मोटरसाइकिलें जब्त की गईं और एक व्यक्ति को शांति भंग के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य के निर्देश और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गजेंद्र सिंह जोधा के मार्गदर्शन में पुलिस उप अधीक्षक (वृत्त अरनोद) चंद्रशेखर पालीवाल के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। अभियान का मुख्य उद्देश्य अवैध मादक पदार्थों की तस्करी पर अंकुश लगाना और लंबे समय से फरार चल रहे वांछित अपराधियों को पकड़ना है। दबिश के दौरान पुलिस ने संदिग्ध व्यक्तियों की तलाश के लिए नाकाबंदी भी की और वाहनों की सघन जांच की। कार्रवाई में अशोक (31), पुत्र जियाराम, निवासी नादिया प्रभावती, थाना भोपालगढ़, जिला जोधपुर को शांति भंग के आरोप में गिरफ्तार किया गया। कुल 18 वांछित अपराधी फरार चल रहे पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, अरनोद थाना सहित अन्य थानों में एनडीपीएस एक्ट, मारपीट, हत्या के प्रयास और फायरिंग जैसे गंभीर मामलों में कुल 18 वांछित अपराधी फरार चल रहे हैं। इन पर 15 हजार से 50 हजार रुपये तक के इनाम घोषित हैं। फरार वांछितों में याकूब, साहिल, शेरदिल उर्फ ददु, दशरथ, आसिफ, वाहिद खां, परवेज, शाहरुख, ईरान, शेर खान, जमशेद उर्फ सेठ लाल, आलम उर्फ सरफराज, अरबाज, शाहरुख उर्फ सरफराज खां, जावेद खां, कृष्ण उर्फ कारेश्वर डांगी और गुड्डा मीणा शामिल हैं। पुलिस ने सभी वांछित अपराधियों के परिजनों को उन्हें पुलिस के समक्ष पेश करने के लिए पाबंद किया है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि वांछितों की गिरफ्तारी तक दबिश और तलाश की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। पुलिस ने आमजन से भी अपील की है कि वांछित अपराधियों या संदिग्ध गतिविधियों से संबंधित कोई भी जानकारी तुरंत पुलिस को दें। सूचना देने वाले का नाम गोपनीय रखा जाएगा और इनाम घोषित मामलों में निर्धारित इनाम के अतिरिक्त अन्य मामलों में भी उचित पुरस्कार दिया जाएगा।


