धार में 26 जनवरी की तैयारियों के लिए बैठक:कलेक्टर ने साफ पानी के लिए जांच और उल्टी-दस्त मामलों पर रिपोर्टिंग के दिए निर्देश

धार में 26 जनवरी 2026 को आयोजित होने वाले गणतंत्र दिवस समारोह की तैयारियों को लेकर कलेक्टर प्रियंक मिश्रा ने सोमवार को कलेक्टर कार्यालय सभाकक्ष में समयावधि पत्रों की समीक्षा बैठक ली। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को समय पर आवश्यक व्यवस्थाएं पूर्ण करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने परेड, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और झांकियों के चयन को लेकर विशेष निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कार्यक्रमों में देशभक्ति और जिले की सांस्कृतिक झलक स्पष्ट रूप से दिखाई देनी चाहिए। मैदान की साफ-सफाई पर जोर किला मैदान में होने वाले समारोह को लेकर मैदान की साफ-सफाई, मंच व्यवस्था और बैठने की उचित व्यवस्था समय पर पूरी करने के निर्देश दिए गए, ताकि आमजन को किसी प्रकार की परेशानी न हो। 26 जनवरी की शाम को आयोजित होने वाले भारत पर्व को लेकर भी कलेक्टर ने तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने कार्यक्रम को आकर्षक और सुव्यवस्थित बनाने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। पेयजल व्यवस्था को लेकर सख्ती बैठक में कलेक्टर ने जिले में साफ, स्वच्छ और गुणवत्तापूर्ण पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने पेयजल से जुड़ी किसी भी लापरवाही को गंभीरता से लेने की बात कही। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि पेयजल स्रोतों, पानी की टंकियों और पाइपलाइनों का नियमित निरीक्षण किया जाए और पानी की गुणवत्ता की समय-समय पर जांच कराई जाए। उल्टी-दस्त मामलों की तुरंत रिपोर्टिंग उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि उल्टी-दस्त जैसे मामलों की तुरंत रिपोर्टिंग की जाए, ताकि समय रहते आवश्यक स्वास्थ्य कार्रवाई की जा सके। कलेक्टर ने आंगनवाड़ी भवनों, स्कूलों और छात्रावासों में पेयजल की गुणवत्ता की अनिवार्य जांच सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। सीएम हेल्पलाइन प्रकरणों की समीक्षा बैठक में सीएम हेल्पलाइन पर लंबित प्रकरणों की विभागवार समीक्षा की गई। कलेक्टर ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिकायतों का समय सीमा में संतुष्टिपूर्वक निराकरण किया जाए। उन्होंने पब्लिक न्यूसेंस से जुड़ी शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर हल करने के निर्देश दिए, ताकि आम नागरिकों को राहत मिल सके। योजनाओं की प्रगति की समीक्षा बैठक में PVTG समुदाय को योजनाओं का लाभ दिलाने, आयुष्मान कार्ड निर्माण, वन अधिकार दावों की पुनरीक्षा, गीता भवन हेतु भूमि आवंटन, गोशाला संचालन और डिजिटल क्रॉप सर्वेक्षण सहित अन्य योजनाओं की प्रगति की भी समीक्षा की गई। इस समीक्षा बैठक में अपर कलेक्टर संजीव केशव पांडेय, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व धार सहित जिले के सभी विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *