भोपाल में 69वीं राष्ट्रीय राइफल प्रतियोगिता का रजिस्ट्रेशन फेल:नेटवर्क ठप होने से प्रतिभागी परेशान होते रहे; अधिकारियों ने मैन्युअल एंट्री शुरू की

भोपाल में आयोजित हो रही 69वी राष्ट्रीय राइफल प्रतियोगिता का सुभाष एक्सीलेंस स्कूल में सोमवार शाम 4 बजे से ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन शुरू हुआ था। शुरुआत में यह प्रक्रिया ऑनलाइन माध्यम से की गई। कुछ ही देर में नेटवर्क फेल होने से यह व्यवस्था पूरी तरह ठप हो गई। इसके बाद देशभर से आए स्टूडेंट्स के बीच अफरा तफरी की स्थिति बन गई थी। स्कूल शिक्षा विभाग के अधिकारियों के अनुसार, स्थिति को संभालते हुए रजिस्ट्रेशन मैन्युअल तरीके से शुरू कर दिए गए। शाम 6 बजे तक आधे से कम प्रतिभागियों के रजिस्ट्रेशन ही हो सके थे। वहीं, दूसरी तरफ कंट्रोल रूम में मौजूद अधिकारी दावा कर रहे हैं कि 7 बजे तक सभी प्रतिभागियों के रजिस्ट्रेशन पूरे हो जाएंगे। नेशनल लेवल स्कूल राइफल शूटिंग प्रतियोगिता 2025-26 में देशभर से सैकड़ों उभरते निशानेबाज भाग ले रहे हैं। प्रतियोगिता का औपचारिक उद्घाटन सोमवार दोपहर शिवाजी नगर स्थित शासकीय सुभाष एक्सीलेंस स्कूल में किया गया। उद्घाटन समारोह में मध्यप्रदेश स्कूल शिक्षा मंत्री उदय प्रताप सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। भोपाल महापौर मालती राय भी विशेष रूप से उपस्थित रहीं। इस प्रतियोगिता में देश के विभिन्न राज्यों से आए 880 खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। कोच, तकनीकी स्टाफ और अधिकारियों को मिलाकर कुल 1050 से अधिक लोग इस आयोजन से जुड़े हैं। इस साल प्रतियोगिता के सफल आयोजन की जिम्मेदारी मध्यप्रदेश के स्कूल शिक्षा विभाग को सौंपी गई है। मंगलवार सुबह से प्रतियाेगिता के मुख्य इवेंट शुरू किए जाएंगे। 5 से 9 जनवरी तक चलेगी राष्ट्रीय प्रतियोगिता
69वीं नेशनल लेवल स्कूल राइफल शूटिंग प्रतियोगिता का आयोजन 5 से 9 जनवरी 2026 तक किया जा रहा है। पांच दिन चलने वाली इस प्रतियोगिता में अंडर-14 और अंडर-19 आयु वर्ग के बालक एवं बालिका वर्ग के खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। प्रतियोगिता में राइफल और पिस्टल दोनों स्पर्धाओं के मुकाबले आयोजित किए जाएंगे। प्रतियोगिता को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए भोपाल में तीन प्रमुख स्थलों को प्रतियोगिता केंद्र बनाया गया है। तीन अलग-अलग स्थलों पर होंगे मुकाबले खिलाड़ियों की सुविधा के लिए कंट्रोल रूम
प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों और अधिकारियों की सुविधा के लिए सुभाष एक्सीलेंस स्कूल में कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। कंट्रोल रूम इंचार्ज की जिम्मेदारी जितेंद्र सोमकुंवर, डीएस धुर्वे, बबीता तोमर और प्रतिमा तिवारी को सौंपी गई है। वहीं खिलाड़ियों और स्टाफ के ठहरने की व्यवस्था के लिए रेसीडेंशियल इंचार्ज के रूप में सुरेश खंडेकर, वृंदावन वैष्णव, मंसूर अली अंसारी और अरुण विजयवर्गीय को जिम्मेदारी दी गई है। मेडिकल और ट्रांसपोर्टेशन की भी पुख्ता व्यवस्था
प्रतियोगिता के दौरान किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए मेडिकल टीम की तैनाती की गई है। मेडिकल इंचार्ज की भूमिका देवेंद्र चंद्रोल, भगवान सिंह चौहान और प्रदीप राजावत निभा रहे हैं। इसके साथ ही खिलाड़ियों और अधिकारियों की आवाजाही के लिए परिवहन व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *