ज्ञान ही आत्मा का वास्तविक प्रकाश: मुनि आदित्य सागर:ब्यावर में मंगल प्रवेश के बाद धर्मसभा में दिए प्रवचन

मुनि आदित्य सागर महाराज ने ब्यावर में अपने मंगल प्रवेश के अवसर पर आयोजित धर्मसभा में ज्ञान की महिमा पर प्रकाश डालते हुए कहा कि ज्ञान ही आत्मा का वास्तविक प्रकाश है। उन्होंने जोर दिया कि ज्ञान के बिना किया गया धर्म केवल आडंबर है, जबकि ज्ञानयुक्त धर्म ही मोक्ष का मार्ग प्रशस्त करता है। अपने प्रवचन में मुनि ने धन, वैभव और पद को क्षणिक बताया। उन्होंने कहा कि ज्ञान शाश्वत होता है और जीवन के अंधकार को केवल ज्ञान रूपी दीपक ही दूर कर सकता है। सम्यक ज्ञान से ही व्यक्ति सही-गलत का विवेक कर पाता है और अपने जीवन की सही दिशा निर्धारित करता है। मुनि ने ज्ञान के महत्व को समझाते हुए कहा कि ज्ञान से विनय, विनय से पात्रता और पात्रता से मोक्ष की प्राप्ति संभव होती है। उन्होंने श्रावक-श्राविकाओं से केवल पूजा-पाठ तक सीमित न रहकर शास्त्रों के अध्ययन से ज्ञानार्जन करने का आह्वान किया। उन्होंने विशेष रूप से युवाओं से भौतिक प्रगति के साथ-साथ आध्यात्मिक ज्ञान को भी जीवन में अपनाने का आग्रह किया। मुनि के अनुसार ज्ञानयुक्त जीवन ही सच्चा सुख प्रदान करता है और अहंकार का नाश कर आत्मकल्याण की ओर अग्रसर करता है। प्रवचन के समापन पर आदित्य सागर महाराज ने दोहराया कि ज्ञान ही वह साधन है, जो जीव को संसार के बंधनों से मुक्त कर सिद्धत्व की ओर ले जाता है। उन्होंने जीवन में ज्ञान, संयम और विवेक को सर्वोच्च स्थान देने का संदेश दिया। भव्य मंगल प्रवेश, उमड़ा श्रद्धालुओं का जनसैलाब इससे पूर्व सोमवार को धर्मपरायण नगरी ब्यावर में आचार्य विशुद्ध सागर महाराज के शिष्य, श्रुतसंवेगी महाश्रमण मुनि आदित्य सागर महाराज ससंघ का भव्य मंगल प्रवेश हुआ। नगर में जैन धर्म के जयघोषों और श्रद्धालुओं की अपार आस्था के बीच मुनि ससंघ का भावपूर्ण स्वागत किया गया। श्री दिगंबर जैन पंचायत के प्रवक्ता अमित गोधा ने बताया कि सकल दिगंबर जैन समाज के श्रद्धालुओं ने जयकारों के साथ मुनि ससंघ की अगवानी की। इस अवसर पर बैंड-बाजों, ढोल-नगाड़ों के साथ विभिन्न महिला एवं पुरुष मंडलों की गरिमामयी उपस्थिति रही। मंगल प्रवेश यात्रा पार्श्वनाथ मंदिर में दर्शन के उपरांत भगत चौराहा से प्रारंभ होकर सरावगी मोहल्ला, एकता सर्किल, अजमेरी गेट होते हुए श्री दिगंबर जैन पंचायती नसियां पहुंची, जहां यात्रा धर्मसभा में परिवर्तित हो गई। भगत चौराहे पर मुनि ससंघ के चरणों में 51 थालों में पाद प्रक्षालन का सौभाग्य सैकड़ों श्रद्धालुओं को प्राप्त हुआ। इस अवसर पर मुनि ने उपस्थित जनसमूह को मंगल आशीर्वाद प्रदान किया। पंचायती नसियां जी में आयोजित धर्मसभा में दीप प्रज्वलन श्री दिगंबर जैन पंचायत, श्री दिगंबर जैन मारवाड़ी समाज एवं श्री पार्श्वनाथ दिगंबर जैन मंदिर, अजमेर रोड समिति के पदाधिकारियों द्वारा किया गया। पाद प्रक्षालन एवं शास्त्र भेंट करने का सौभाग्य ताराचंद, संजय कुमार, जितेंद्र, कमलेश ठोलिया एवं निमाजवाला परिवार को प्राप्त हुआ। धर्मसभा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने मुनि संघ से मंगलमय आशीर्वाद लिया। कार्यक्रम का कुशल संचालन कमल रावका ने किया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *